अलास्का. यूनाईटेड स्टेट जियोलॉजिकल सर्वे (United States Geological Survey-USGS) के मुताबिक अलास्का प्रायद्वीप क्षेत्र में 7.4 तीव्रता का भीषण भूकंप (Earthquake) आया है. इस तेज भूकंप के बाद अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने सुनामी की चेतावनी जारी की. यूएसजीएस ने कहा कि भूकंप 9.3 किमी. (5.78 मील) की गहराई पर आया था. अलास्का भूकंप केंद्र ने कहा कि अलास्का प्रायद्वीप, अलेउतियन द्वीप और कुक इनलेट इलाकों में झटके महसूस किए गए.
यह भीषण भूकंप तब आया है, जब दो हफ्ते पहले अलास्का के एंकरेज में एक हल्का भूकंप आया था. यूएसजीएस के मुताबिक भूकंप एंकरेज शहर से लगभग 12 मील दक्षिण में और ईगल नदी से लगभग दो मील दक्षिण में दर्ज किया गया था. हालांकि तब किसी के घायल होने या नुकसान की सूचना नहीं थी. यूएसजीएस द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों से पता चला है कि भूकंप 17.5 मील की गहराई पर आया था.
मार्च 1964 में अलास्का में 9.2 तीव्रता का भूकंप आया था, जो उत्तरी अमेरिका में अब तक का सबसे शक्तिशाली भूकंप था. इसने एंकरेज को तबाह कर दिया और सुनामी ला दी जिसने अलास्का की खाड़ी, अमेरिका के पश्चिमी तट और हवाई को तहस-नहस कर दिया. उस भूकंप और सुनामी से 250 से अधिक लोग मारे गए थे.


