कांग्रेस ने लोगों को बांटने और गरीबी में धकेलने का काम किया : अनुराग ठाकुर

हमीरपुर। केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं युवा खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि 5 राज्यों में होने वाले चुनावों में भाजपा जीतेगी और चुनावी राज्यों में मोदी की लहर है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश और राजस्थान में पुराने लोगों के साथ ही जिताऊ और नए चेहरों को टिकट दिए हैं तथा भाजपा चुनावों में एकजुटता से जीत की ओर अग्रसर है। अनुराग ठाकुर हमीरपुर में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस नेताओं द्वारा जातीय जनगणना कराने के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस ने लोगों को गरीबी में धकेलने का काम किया है और बांटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में सबको बराबर का हक मिल रहा है और विकास हो रहा है तो कांग्रेस को दर्द हो रहा है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि एक समय था जब वर्ष 2014 से पहले तिरंगे को फाड़ भी देते थे और जला दिया जाता था, मैंने 2011 में कन्याकुमारी से कश्मीर तक तिरंगा यात्रा निकाली तो हमें जेल में डाल दिया। आज मोदी ने कश्मीर से धारा 370 हटा दी है और लाल चौक पर और हर घर तिंरगा लहराया जाता है। ये फर्क है 2014 से पहले और अब के भारत में। यूक्रेन से ऑप्रेशन गंगा में 23 हजार भारतीयों को वापस लाए। कभी अपने देश में अपमान होता था, अब दूसरे देशों में भी तिरंगे का सम्मान होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आने वाले समय में भारत खेलों में सबसे आगे होगा। उन्होंने कहा कि 2029-30 में मिनी ओलिम्पिक खेलों और 2036 में ओलिम्पिक खेलों को करवाने का दावा भारत ने किया है।

error: Content is protected !!