नए साल में कूनो से आई खुशखबरी: नामीबियाई चीता आशा ने तीन शावकों को दिया जन्म,देखें वीडियो

श्योपुर। नए साल में श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क (kuno national park) से आज बड़ी खुशखबरी आई है। यहां मादा चीता आशा ने तीन शावकों को जन्म दिया है। वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक तीनों शावक स्वस्थ हैं। डीएफओ थिरुकुराल आर ने बताया कि नेशनल पार्क का मैदानी अमला और डॉक्टरों की टीम उन पर नजर बनाए हुए हैं। इसके पहले वन विभाग के अधिकारियों ने आशा के गर्भवती होने की खबरों को गलत बताया था।

बता दें कि, कूनों में शिफ्टिंग के लंबे अरसे के बाद खुशखबरी नहीं मिली थी। कुछ समय पहले मादा चीता आशा के प्रेग्नेंट होने की खबरें सामने आई थी। कूनो नेशनल पार्क के अधिकारियों ने उसके प्रेग्नेंट होने की खबर को गलत बताया था। लेकिन अब आशा ने तीन शावको जन्म दिया है और तीनों शावक पूरी तरह से स्वस्थ बताए गए हैं।

कूनों में तीन शावकों के जन्म पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी हर्ष जताया है। सीएम ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा- कूनो नेशनल पार्क में तीन नन्हें चीता शावकों के आगमन का समाचार अत्यंत आनंददायक है। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश को ‘चीता स्टेट’ के रूप में नई पहचान मिली है।

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन के लिए केंद्रीय कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र यादव ने भी इस पर ख़ुशी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा-  जंगल में म्याऊँ!

यह बताते हुए खुशी हो रही है कि कूनो नेशनल पार्क ने तीन नए सदस्यों का स्वागत किया है। शावकों का जन्म नामीबियाई चीता आशा से हुआ है।

यह पारिस्थितिक संतुलन बहाल करने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा परिकल्पित प्रोजेक्ट चीता की जबरदस्त सफलता है। परियोजना में शामिल सभी विशेषज्ञों, कुनो वन्यजीव अधिकारियों और भारत भर के वन्यजीव उत्साही लोगों को मेरी ओर से बहुत-बहुत बधाई।

error: Content is protected !!