धान खरीदी के शेष दिनों में अवैध धान पर रखें कड़ी निगरानी- कलेक्टर

राजनांदगांव। शासन द्वारा किसानों को धान बेचने में सुविधा के लिए 7 फरवरी तक धान खरीदी का समय बढ़ाया गया है। जिससे धान बेचने से छूटे हुए सभी किसान अपने धान का विक्रय कर सके। धान खरीदी केन्द्रों में बचे हुए किसानों का धान खरीदने के लिए सभी व्यवस्था बना ली गई है। वहीं अवैध धान पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने आज धान खरीदी और अवैध धान को रोकने के लिए की गई व्यवस्था का जायजा लेने धान खरीदी केन्द्र पहुंचे। उन्होंने जिले के अंतिम सीमा क्षेत्र छुरिया विकासखंड के ग्राम कल्लू बंजारी, बम्हनी तथा डोंगरगढ़ विकासखंड के लाल बहादुर नगर और रामाटोला के धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के बचे हुए शेष दिनों में सतर्कता के साथ सभी किसानों का धान खरीदना है। इस दौरान कोचियों बिचौलियों द्वारा धान खपाने की संभावना अधिक रहती है। धान का सत्यापन करने के बाद धान खरीदी की जाए। सभी पात्र किसानों का धान खरीदा जाए। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में अन्य राज्यों से धान आने की अधिक संभावना बनी रहती है, इस पर विशेष निगरानी रखी जाए। अवैध धान आने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने राजस्व अमला को लगातार धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिन्हा ने धान खरीदी केंद्र के निरीक्षण के  दौरान वहां के पंजीकृत किसान, अब तक खरीदे गए धान तथा उठाव की जानकारी ली। धान खरीदी केंद्र के प्रबंधकों ने बताया कि लगभग सभी पंजीकृत किसानों ने अपना धान का विक्रय कर लिया है। वही धान बेचने से बचे हुए किसानों का टोकन काट लिया गया है। धान खरीदी केन्द्र में धान का उठाव भी लगातार जारी है। कलेक्टर श्री सिन्हा ने इस दौरान धान बेचने आए किसानों से चर्चा कर धान विक्रय की जानकारी ली। बुचाटोला निवासी किसान बुधराम ने बताया कि उनके पास 2 एकड़ खेत है। बारिश के कारण धान बेचने में देरी हुई है। आज अपने पूरा धान का विक्रय कर लिया है। इस दौरान एसडीएम डोंगरगढ़ गिरीश रामटेके, एसडीएम डोंगरगांव हितेश पिस्दा, खाद्य अधिकारी भूपेन्द्र मिश्रा, महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक सुनील वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!