रायपुर। अरनपुर में हुए आईईडी ब्लास्ट मामले में एनआईए ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सुकमा और दंतेवाड़ा जिले में 12 ठिकानों पर छापेमारी की है. दरभा डिवीजन कमेटी ने 26 अप्रैल 2023 को दंतेवाड़ा के अरनपुर इलाके में आईईडी ब्लास्ट किया था. इस ब्लास्ट में ड्राइवर समेत 11 जवान शहीद हो गए थे. एनआईए की छापेमारी के दौरान नकदी, हस्तलिखित पत्र, लेवी की रसीदें और डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए हैं.
2 साल पुराने IED ब्लास्ट मामले में NIA की बड़ी कार्रवाई
दरअसल, दंतेवाड़ा के अरनपुर में हुए घातक नक्सली हमले की जांच के सिलसिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शुक्रवार को सुकमा में एक और दंतेवाड़ा में 11 स्थानों सहित 12 स्थानों पर एक साथ छापे मारे. यह कार्रवाई 26 अप्रैल, 2023 को हुए आईईडी विस्फोट से संबंधित है, जिसमें दरभा डिवीजन कमेटी के नक्सलियों ने डीआरजी जवानों को निशाना बनाया था. इस हमले में दस जवान और एक ड्राइवर शहीद हो गए थे.
मामले की जांच अभी जारी
एनआईए ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस मामले की जांच अभी जारी है. अब तक कुल 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और दो आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं. एजेंसी को उम्मीद है कि हालिया तलाशी के दौरान बरामद दस्तावेज़ और डिजिटल साक्ष्य इसमें शामिल नक्सली नेटवर्क का और खुलासा करेंगे. इस अभियान को नक्सल प्रभावित इलाकों में एनआईए का सबसे सटीक और समन्वित अभियान माना जा रहा है और यह माओवादी संगठनों की आर्थिक और रणनीतिक रीढ़ तोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है.


