
राजनांदगांव। शहर में एक बार फिर चाकूबाजी की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के मानव मंदिर चौक स्थित लक्ष्मी मेडिकल के अंदर रात्रि लगभग 11:05 बजे अचानक घुसकर आरोपी महफूज खान ने अनूप यादव पर चाकू से कई बार जानलेवा वार कर दिया, वारदात की वजह आपसी रंजिश बताई जा रही है। घायल युवक गांधी चौक का निवासी बताया जा रहा है। हमले के बाद युवक लहूलुहान हो गया, जिसे तत्काल आसपास मौजूद लोगों की मदद से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने हेतु रायपुर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। घटना के लगभग 15-20 मिनट बाद आरोपी महफूज खान को पुलिस टीम ने हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में यह ज्ञात हुआ है कि आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड है। वहीं, घायल अनूप यादव के विरुद्ध भी पाँच से अधिक प्रकरण दर्ज पाए गए हैं। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए रात्रि 12 बजे पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकित शर्मा तत्काल मानव मंदिर चौक घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचीं।

