शहर में मोटर चेकिंग प्वाइंट लगाकर ब्रेथ एनालाइजर से संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग की गई

राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में आगामी नववर्ष के आगमन के मद्देनज़र शहर के महावीर चौक, देशमुख होटल चिखली एवं गौरव पथ तिराहा में मोटर चेकिंग प्वाइंट लगाकर ब्रेथ एनालाइजर मशीन (अल्कोहल मीटर) के माध्यम से संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की गई। महावीर चौक में वाहन चेकिंग के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा की उपस्थिति में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नंदकिशोर गौतम, यातायात प्रभारी नवरतन कश्यप एवं यातायात टीम द्वारा चेकिंग की कार्यवाही की गई। देशमुख होटल, चिखली में नगर पुलिस अधीक्षक  पुष्पेन्द्र नायक, तथा पुलिस चौकी चिखली प्रभारी कैलाशचंद मरई द्वारा वाहन चेकिंग की गई।

इसी प्रकार गौरव पथ तिराहा में श्रीमती वैशाली जैन नगर पुलिस अधीक्षक तथा थाना बसंतपुर प्रभारी निरीक्षक एमन साहू द्वारा वाहनों की सघन चेकिंग की गई। वाहन चेकिंग के दौरान कुल 200 से अधिक वाहनों की जांच की गई, जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 07 वाहनों पर मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत कार्यवाही की गई। चारपहिया थार वाहन (कार) में काला शीशा (ब्लैक फिल्म) लगाए जाने पर मोटरयान अधिनियम की धारा 100 के तहत ₹2000/- का जुर्माना लगाया गया। शेष 06 वाहन चालकों से कुल ₹2700/- का जुर्माना वसूला गया।
यह कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

पुलिस की अपील

पुलिस द्वारा समस्त वाहन चालकों से अपील की गई कि चारपहिया वाहनों में काले शीशे का उपयोग न करें, अवैध/आपत्तिजनक सामग्रियों का परिवहन न करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त न हों तथा पुलिस का सहयोग कर यातायात एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहभागी बनें।

error: Content is protected !!