मकान का निर्माण रोकने पहुंची तहसीलदार की टीम, पति-पत्नी ने खुद को लगाई आग

देवास। अंचल के सतवास में पूर्व से विवादित एक जमीन के समीप निर्माण कार्य की सूचना मिलने पर रोकने के लिए पहुंची राजस्व विभाग की टीम की कार्रवाई के दाैरान एक दंपती ने बुधवार को खुद को आग लगा ली। आसपास मौजूद लोगों ने जब तक इनको बचाया तब तक ये आग से गंभीर रूप से झुलस गए।

स्थानीय अस्पताल में दोनों का प्राथमिक उपचार करने के बाद इंदौर रेफर किया गया है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और विरोध में लोगों ने थाने पहुंचकर घेराव किया।

जानकारी के अनुसार सतवास नगर में करोड़ों की भूमि विवादित है। इसमें कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है। इसका मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। इस भूमि पर निर्माण कार्य करने में पूर्व में रोक लगी थी, जिसे पिछले माह कुछ हिस्से को छोड़कर बाकी की अनुमति दे दी गई थी।

तहसीलदार की कार्रवाई को दंपती ने बताया गलत

बुधवार को मकान की छत के निर्माण कार्य रोकने के लिए तहसीलदार अरविंद दिवाकर की टीम मौके पर पहुंची, जहां कहासुनी के बाद संतोष व्यास व उनकी पत्नी जयश्री व्यास ने कार्रवाई काे गलत बताते हुए खुद के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।

इस दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक ये गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम कन्नौद केएल तिलवारी, एएसपी ग्रामीण सौम्या जैन मौके पर पहुंचीं।

अधिकारियों से मोबाइल फोन पर कई बार संपर्क किया गया, लेकिन हंगामे की वजह से बात नहीं हो सकी। अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी ने बताया प्रकरण उनके कार्यक्षेत्र का नहीं है, इसलिए पूर्ण जानकारी नहीं है। वस्तु स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

error: Content is protected !!