साइबर ठगों का निशाना बना हवलदार: नए क्रेडिट कार्ड का लालच देकर ठगों ने हैक किया मोबाइल, खाते से उड़े 95 हजार

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से एक और साइबर ठगी की वारदात सामने आई है। इस बार ठगों ने SSB के हवलदार को अपना निशाना बनाया। एक फर्जी लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से 95 हजार रुपये गायब हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शहर के चैतन्य सिटी में रहने वाले सशस्त्र सीमा बल (SSB) के हवलदार अमित कुमार गुप्ता साइबर ठगों की चाल का शिकार हो गए। ठगों ने नए क्रेडिट कार्ड जारी होने का फर्जी मैसेज भेजा, जिसमें एक संदिग्ध लिंक था। हवलदार अमित कुमार गुप्ता ने जैसे ही उस लिंक पर क्लिक किया, ठगों ने उनके क्रेडिट कार्ड की डिटेल्स हासिल कर लीं और मोबाइल को हैक कर लिया। इसके बाद उनके बैंक खाते से 95 हजार रुपये निकाल लिए गए।

पीड़ित हवलदार ने बताया कि मैसेज क्रेडिट कार्ड से जुड़ा लग रहा था, इसलिए उन्होंने लिंक खोला। लेकिन यह ठगों की साजिश थी। ठगों ने क्रेडिट कार्ड की जानकारी का इस्तेमाल कर फ्रॉड ट्रांजेक्शन किए। शिकायत मिलते ही घमापुर थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब तकनीकी जांच के जरिए ठगों की तलाश कर रही है।

error: Content is protected !!