


राजनांदगांव। 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) के पावन अवसर पर दिग्विजय स्टेडियम में मुख्य ध्वजारोहण समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा ध्वजारोहण कर सलामी ली गई। इस अवसर पर आयोजित परेड, स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्य अतिथि द्वारा पुलिस विभाग के 78 अधिकारी/कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट, सराहनीय एवं निष्ठापूर्ण कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में पुलिस महानिरीक्षक रेंज बालाजी राव सोमावार (भा.पु.से.), कलेक्टर जितेन्द्र यादव, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अन्य पुलिस अधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
सायबर एवं यातायात जागरूकता का प्रभावी संदेश
गणतंत्र दिवस के अवसर पर सायबर सेल, राजनांदगांव पुलिस द्वारा सायबर जागरूकता रथ तथा यातायात पुलिस द्वारा यातायात जागरूकता रथ के माध्यम से आमजन को सायबर ठगी से बचाव, सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार, यातायात नियमों के पालन व सड़क सुरक्षा एवं जिम्मेदार नागरिक बनने संबंधी महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। जिलेभर में उत्साह, उमंग एवं हर्षोल्लास के साथ गणतंत्र दिवस मनाया गया तथा संविधान के प्रति सम्मान, एकता एवं अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुँचा।





