मुर्दे को भी ठगों ने नहीं छोड़ा; मृत खाताधारक की FD से 7.10 लाख का फ्रॉड, ऐसे दिया वारदात को अंजाम

कोरबा। जिले में बैंकिंग सिस्टम की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां मृत खाताधारक की फिक्स्ड डिपाजिट (एफडी) से ठगों ने सात लाख 10 हजार रुपये निकाल लिए। ठगों ने न केवल बैंक खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बदला, बल्कि खुद को बैंक कर्मचारी बताकर मृतक के घर पहुंचकर एफडी के मूल दस्तावेज भी अपने कब्जे में ले लिए।

मामला दीपका थाना क्षेत्र के ग्राम रंजना का है। पीड़िता चंचल जायसवाल के अनुसार, उनके ससुर मेवालाल जायसवाल का यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में खाता था। मेवालाल ने 19 अप्रैल 2024 को आठ लाख रुपये की एफडी कराई थी, जिसकी परिपक्वता 23 मई 2025 को होनी थी। एफडी पर कुल 8.70 लाख रुपये मिलने थे। खाते में नामिनी के रूप में पोते अथर्व जायसवाल का नाम दर्ज था।

एफडी परिपक्व होने से पहले ही 19 फरवरी 2025 को मेवालाल जायसवाल का निधन हो गया। इसके बाद परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि बैंक खाते को निशाना बनाकर ठग गिरोह पूरी योजना के साथ सक्रिय हो चुका है।

कब हुआ मामले का खुलासा

परिपक्वता के बाद जब 10 दिसंबर 2025 को चंचल जायसवाल यूनियन बैंक की चैतमा शाखा पहुंचीं, तब मामले का खुलासा हुआ। बैंक कर्मचारियों ने बताया कि खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बदला जा चुका है। स्टेटमेंट निकलवाने पर सामने आया कि करीब 7.10 लाख रुपये पहले ही किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर दिए गए हैं।

पीड़िता का आरोप है कि इससे पहले कुछ लोग यूनियन बैंक के कर्मचारी बनकर उनके घर आए थे और एफडी से जुड़े मूल दस्तावेज साथ ले गए थे। इसके बाद से ही उन्हें संदेह बना हुआ था। रकम गायब होने के बाद ठगी की पुष्टि हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!