अहमदाबाद। टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 स्टेज के सातवें मुकाबले में वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका आमने-सामने हैं। दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट मैदान नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडन मार्करम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। मार्करम ने बताया कि टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जबकि वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने अकील हुसैन की जगह रोस्टन चेज को प्लेइंग-11 में शामिल किया है।
यह मुकाबला भारतीय टीम की सेमीफाइनल उम्मीदों के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका की जीत से भारत की राह कुछ आसान हो सकती है, जबकि विंडीज की जीत से समीकरण और जटिल हो जाएंगे।
मौजूदा टी-20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों का दमदार प्रदर्शन
दक्षिण अफ्रीका ने सुपर-8 के अपने पहले मैच में भारत को 76 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत की। इससे पहले टीम ग्रुप चरण में भी शीर्ष पर रही थी।
वहीं, वेस्टइंडीज ने सुपर-8 के अपने पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे को 107 रन से करारी शिकस्त दी। विंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और विपक्षी टीम को 147 रन पर रोक दिया।
नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की पिच रिपोर्ट और मौसम

अहमदाबाद में दोपहर तीन बजे से शुरू हो रहे इस मुकाबले में खिलाड़ियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मैच के लिए पिच नंबर सात आवंटित की गई है, जो लाल मिट्टी की सतह है। ऐसी पिचों पर आमतौर पर अतिरिक्त उछाल देखने को मिलता है, हालांकि पिछले मुकाबले में बाउंस ज्यादा प्रभावी नहीं रहा था।
कुल मिलाकर पिच बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जा रही है। दोनों टीमों की मजबूत बल्लेबाजी को देखते हुए हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद की जा रही है।
वेस्टइंडीज बनाम दक्षिण अफ्रीका हेड टू हेड में कांटे की टक्कर
दोनों टीमों के बीच अब तक 29 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें वेस्टइंडीज ने 15 और दक्षिण अफ्रीका ने 14 मैच जीते हैं। पिछली भिड़ंत में वेस्टइंडीज ने छह रन से जीत दर्ज की थी, हालांकि सीरीज दक्षिण अफ्रीका ने 2-1 से अपने नाम की थी।
टी20 विश्वकप इतिहास में दोनों टीमें पांच बार आमने-सामने आई हैं। इनमें चार बार दक्षिण अफ्रीका और एक बार वेस्टइंडीज को जीत मिली है। वेस्टइंडीज ने आखिरी बार 2016 में भारत में खेले गए विश्वकप में दक्षिण अफ्रीका को हराया था और उसी साल खिताब भी जीता था।
टूर्नामेंट में अब तक का सफर

वेस्टइंडीज का प्रदर्शन:
दो बार की चैंपियन विंडीज टीम ने ग्रुप स्टेज में शानदार खेल दिखाया। स्कॉटलैंड को 35 रन, इंग्लैंड को 30 रन, नेपाल को 9 विकेट और इटली को 42 रन से हराया। सुपर-8 में जिम्बाब्वे को 107 रन से हराकर टीम +5.350 नेट रन रेट के साथ ग्रुप-1 में शीर्ष पर है।
दक्षिण अफ्रीका का प्रदर्शन:
दक्षिण अफ्रीका ने कनाडा को 57 रन से, अफगानिस्तान को दूसरे सुपर ओवर में, न्यूजीलैंड को सात विकेट से और यूएई को छह विकेट से हराया। सुपर-8 में भारत के खिलाफ 76 रन की जीत के साथ टीम +3.800 नेट रन रेट के साथ मजबूती से आगे बढ़ रही है।
वेस्टइंडीज और साउथ अफ्रीका दोनों टीमों की प्लेइंग 11

वेस्टइंडीज
ब्रैंडन किंग, शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), शिमरन हेटमायर, रोवमन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्डे, रोस्टन चेज, गुडाकेश मोती, शमर जोसेफ।
दक्षिण अफ्रीका
एडन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रेयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी।

