2 फर्जी पुलिसकर्मी गिरफ्तार, बुजुर्ग महिला से सोने की चेन झपटकर हुए थे फरार

रायगढ़। थाना चक्रधरनगर क्षेत्र में वृद्ध महिला के गले से सोने की चैन झपटने की घटना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की माला तथा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर जप्त की है और आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। घटना के संबंध में ग्राम सम्बलपुरी निवासी रेशमी निषाद पिता स्व. बोधीराम निषाद ने थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी दादी रामकुंवर निषाद के साथ सम्बलपुरी से परसदा चंद्रपुर जाने के लिए मां मंगला कंपनी की बस से निकले थे। सिग्नल चौक के पास उतरने के बाद दोनों पैदल सारंगढ़ बस स्टैंड जाने के लिए मरीन ड्राइव पंजरी प्लांट मार्ग से जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी क्रमांक CG 13 AT 9561 में सवार दो अज्ञात व्यक्ति उनके पास आए और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए किसी हादसे के संबंध में पूछताछ करने की बात कहकर आधार कार्ड दिखाने को कहा। इसी बीच एक आरोपी ने वृद्धा के गले में पहनी सोने की माला खींच ली और दोनों आरोपी स्कूटी में बैठकर मौके से फरार हो गए। मामले में थाना चक्रधरनगर में स्कूटी सवार दो अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध *अपराध क्रमांक 86/2026 धारा 304, 3(5) बीएनएस* के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा ने तत्काल नाकेबंदी कर पीड़िता से आरोपियों के हुलिए और स्कूटी के संबंध में जानकारी ली और अपनी टीम के साथ संदिग्ध लाल रंग की स्कूटी तथा आरोपियों की सघन पतासाजी शुरू की। इस दौरान आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और फुटेज पीड़िता तथा उसकी पोती को दिखाए गए, जिसमें आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही चमार सिंह यादव और रामकुमार नायक को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने उनके कब्जे से 14 नग सोने की फोकली, 01 नग सोने का पदक तथा काले मोती लगी हुई सोने की माला जिसकी कीमत लगभग 85,000 रुपये है और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG 13 AT 9561 जिसकी कीमत लगभग 50,000 रुपये है, बरामद कर जप्त किया है। आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपी चमार सिंह यादव पिता महिंगल सिंह यादव उम्र 55 वर्ष निवासी नवागढ़ राजापारा रायगढ़

रामकुमार नायक पिता देवघर नायक उम्र 40 वर्ष निवासी मधुवन पारा सिटी कोतवाली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!