
लखनऊ। एयर इंडिया एक्सप्रेस के फ्लाइट में बड़ा हादसा होने से टल गया। बागडोगरा से दिल्ली जा रहे विमान में अचानक धुआं निकलने पर लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। जिस समय यह सब कुछ हुआ उस समय विमान 36 हजार फीट की ऊंचाई पर था।
पायलट को केबिन में धुआं महसूस हुआ
बताया जा रहा है कि फ्लाइट उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनग जिले से गुजर रही थी, तभी पायलट को केबिन में धुआं महसूस हुआ। इस दौरान पायलट ने अपने सूझबझ से लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल को मेडे कॉल किया। जिसके बाद यात्रियों को ऑक्सीजन मास्क उपलब्ध कराया गया। उसके बाद शाम 5:17 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
फ्लाइट में 148 यात्री थे सवार
अफसरों ने बताया कि फ्लाइट में क्रू मेंबर और 148 यात्री सवार थे। लखनऊ एयरपोर्ट से कई यात्रियों को दूसरी फ्लाइट्स से दिल्ली भेज दिया गया, जबकि कुछ को होटल में ठहराया गया है। तब से फ्लाइट लखनऊ के टर्मिनल-3 पर ही खड़ी है। सिक्योरिटी और टेक्निकल टीम की शुरुआती जांच में धुएं या आग का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।




































