Assembly Election 2026 Live: असम, केरलम और पुडुचेरी (Assam, Keralam and Puducherry) में विधानसभा चुनाव के लिए सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। असम की 126 सीटों, केरल की 140 सीटों और पुडुचेरी की सभी 30 सीटों पर आज सात बजे से मतदान हो रहा है। शुरुआती दो घंटे में असम में 18%, केरल में 16.23% और पुडुचेरी में 17.41% मतदान हो चुका है। वहीं तीनों राज्यों में मतदान केंद्रो में सुबह से ही मतदाताओं की लंबी-लंबी लाइन देखने को मिल रही है।
असम में 9 बजे तक 18 फीसदी वोटिंग
तीनों ही राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में वोटिंग जारी है। सुबह 9 बजे असम में सबसे अधिक वोट पड़ चुके थे। यहां पर 9 बजे तक करीब 18 फीसदी यानी 17.87% वोट डाले जा चुके हैं।
केरलम में 16.23 तो पुडुचेरी में 17.41% वोटिंग
असम के साथ-साथ दक्षिण के 2 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में वोट डाले जा रहे हैं। केरलम में सुबह 9 बजे तक 16.23 फीसदी तो पुडुचेरी में 17.41% वोट पड़े चुके हैं।
उपचुनावः नागालैंड के कोरीडांग में 20 फीसदी वोटिंग
देश के 3 राज्यों की 4 सीटों पर उपचुनाव भी कराए जा रहे हैं। सुबह 9 बजे तक कर्नाटक के दावणगेरे दक्षिण सीट पर 9.01% वोटिंग हो चुकी है, जबकि कर्नाटक के ही बागलकोट में 11.87%, नागालैंड के कोरीडांग में 19.80% और त्रिपुरा के धर्मनगर में 15.63% वोटिंग हो चुकी है।

केरलम में वोटिंग के लिए लगी लंबी कतार
केरलम की सभी 140 सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग हो रही है। केरलम में 2.71 करोड़ वोटर 890 उम्मीदवारों में से अपना नेता चुनेंगे। केरलम के बुथों पर सुबह से मतदाताओं की लंबी-लंबी लाइन देखने को मिल रही है। लोग घंटों लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
केरलम के सीएम पिनाराई विजयन और बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने किया मतदान
केरलम के सीएम पिनाराई विजयन ने वोट डाला। केरलम के कन्नूर में राज्य के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन आरसी अमला बेसिक अपर प्राइमरी स्कूल में वोट डालने पहुंचे। वहीं केरलम भाजपा के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने तिरुवनंतपुरम के जवाहर नगर नर्सरी और LP स्कूल में वोट डाला। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर तिरुवनंतपुरम के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डालने के लिए कतार में अपनी बारी इंतजार कर रहे हैं। इस दौरान राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि सब कुछ महत्वपूर्ण है। हर मतदाता को बाहर आना चाहिए। आज ये उनका कर्तव्य है, यह उनका मौलिक अधिकार है कि वो आएं और राज्य के भविष्य पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें।
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने वोट डाला, बोले- भाजपा शानदार प्रदर्शन करेगी
केरलम के केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने त्रिशूर में गुरुवायुर देवस्वम इंग्लिश मीडियम स्कूल में वोट डाला। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह केरल के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने लोकतांत्रिक चुनाव प्रचार की रणनीति के हर पहलू को छुआ है। वे हर क्षेत्र में पहुंच चुके हैं। आखिरी बिंदु तक पहुंच गए हैं। अब हमें सिर्फ नतीजों का इंतजार है। आप अच्छी तरह जानते हैं कि चुनाव से पहले और बाद में क्या बदलाव आएगा।
तीनों राज्यों में उम्मीदवारों की संख्या
बता दें कि असम में 126 सीट पर 41 पार्टियों के 722 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं केरलम में 2.71 करोड़ वोटर 890 उम्मीदवारों में से अपना नेता चुनेंगे। पुडुचेरी में 20 पार्टियां के 294 कैंडिडेट अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। तीनों राज्यों में करीब 10 लाख से ज्यादा वोटर्स पहली बार मतदान करेंगे। केरलम में 70 साल में पहली बार कोई सीएम हैट्रिक के लिए चुनाव लड़ रहा है। असम में बीजेपी हिमंता बिस्व सरमा के सहारे लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का दांव खेल रही है। जबकि पुडुचेरी में कांग्रेस से निकले एन. रंगासामी पांचवी बार सत्ता में काबिज होने की कोशिश कर रहे हैं।


