यूपी/ हरदोई। जिले में सात साल के बच्चे के अपहरण के बाद हत्या के आरोपी महनूर को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। उस पर 50 हजार रुपए का इनाम था। पुलिस के मुताबिक, बुधवार तड़के 3 बजे पुलिस ने 29 साल के महनूर को रोका तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सीने में गोली लगने से उसकी मौत हो गई।
कुकर्म के साथ बच्चे की हत्या
मुठभेड़ में एसओजी प्रभारी राजेश कुमार के कंधे में गोली लगी है। जिला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। मुठभेड़ शहर से 50 किमी दूर बाबटमऊ में हुई। पुलिस के मुताबिक, महनूर ने 3 मई को साथियों के साथ मेले में गए बच्चे का अपहरण किया था। पिता को फोन कर 7 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पैसा न देने पर आरोपियों ने बच्चे के साथ कुकर्म किया, फिर उसकी हत्या कर दी। शव को खेत में दफना दिया।
पुलिस ने जिस नंबर से फिरौती की कॉल आई थी, उसे ट्रेस करते हुए टीम कानपुर पहुंची। वहां से मंगलवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, फिर उनकी निशानदेही पर बच्चे का शव बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने कन्नौज निवासी महनूर का नाम बताया।


