CG: शादी के दूसरे ही दिन ससुराल पहुंचा दुल्हन का प्रेमी, बोला- तीन साल से मेरे साथ… दूल्हे ने लिया ये बड़ा फैसला

अंबिकापुर। एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ थाना क्षेत्र में शादी के दो दिन बाद ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने दोनों परिवारों को थाने तक पहुंचा दिया। दुल्हन का कथित प्रेमी उसके ससुराल पहुंच गया और परिवार के सामने दावा किया कि युवती के साथ उसका पिछले तीन साल से संबंध है।

युवक ने दुल्हन से मिलने की जिद की। इसके बाद घर में विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। देर रात तक थाने में बातचीत चलती रही, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। बाद में दूल्हे ने दुल्हन को साथ रखने से इनकार कर दिया और रिसेप्शन कार्यक्रम कैंसिल कर दिया गया।

रिसेप्शन से पहले दुल्हन के प्रेमी की एंट्री

जानकारी के अनुसार छह मई को युवती की शादी हुई थी और सात मई को उसकी विदाई हुई। परिवार रिसेप्शन की तैयारी में लगा था। इसी दौरान आठ मई को एक युवक दुल्हन के ससुराल पहुंच गया। युवक ने खुद को युवती का प्रेमी बताते हुए कहा कि दोनों तीन साल से रिश्ते में थे और परिवार के दबाव में युवती की शादी कराई गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक घर के बाहर काफी देर तक दुल्हन से मिलने की बात कहता रहा। उसने यह भी कहा कि उसके पास दोनों के फोटो और वीडियो हैं। युवक की बात सुनने के बाद दूल्हा पक्ष और युवक के बीच बहस शुरू हो गई। कुछ ही देर में दूल्हा और दुल्हन पक्ष आमने-सामने आ गए और घर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। बाद में दूल्हा, दुल्हन और युवक को सिटी कोतवाली लाया गया। दोनों परिवारों के सदस्य भी थाने पहुंच गए। रात करीब दो बजे तक पुलिस की मौजूदगी में बातचीत चलती रही।

दूल्हे ने दुल्हन संग रहने से किया इनकार

थाने में दूल्हे ने कहा कि वह अब दुल्हन को अपने साथ नहीं रखेगा। उसका कहना था कि शादी से पहले उसे इस संबंध की जानकारी नहीं दी गई। उसने तलाक की बात भी कही। दूसरी ओर युवक लगातार युवती के साथ रहने की बात करता रहा। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए युवक को कुछ समय के लिए लॉकअप में रखा।

घटनाक्रम के बाद दूल्हा पक्ष ने रिसेप्शन रद कर दिया। दुल्हन थाने से अपने मायके लौट गई। मनेन्द्रगढ़ थाना प्रभारी विवेक पाटले ने बताया कि दोनों पक्षों को समझाइश दी गई है। अभी तक किसी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। मामला आपसी बातचीत के जरिए सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!