पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार आने के बाद राज्य में पिछली सरकार के दौरान किये गए काले कारनामों को उजागर करने का कार्य लगातार जारी है. इसी कड़ी में तृणमूल पार्टी कार्यालय से 100 से अधिक आधार कार्ड और सरकारी जमीन की अवैध खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए हैं. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. साल्ट लेक इलाके में बिधाननगर नगर निगम के वार्ड नंबर 36 के अंतर्गत, बसंती देवी कॉलोनी में टीएमसी का यह कार्यालय मौजूद है. स्थानीय निवासी बरामद सामान को सुरक्षित रखने के लिए मौके पर पहुंचे और इस मामले की सूचना बिधाननगर दक्षिण पुलिस थाने को दे दी गई. बाद में पुलिस ने आकर आधार कार्ड जब्त किया. स्थानीय निवासियों ने बताया कि, दफ्तर से बरामद आधार कार्ड उनके ही हैं.
स्थानीय लोगों ने बताया उनके हैं ये कार्ड
स्थानीय लोगों के मुताबिक टीएमसी दफ्तर में मिले आधार कार्ड इलाके के लोगों के ही हैं. लोगों का कहना है कि आधार कार्ड बनवाते वक्त टीएमसी पार्टी ऑफिस के पते पर आधार कार्ड आते थे. ऐसे में कई बार आधार कार्ड मांगने पर पार्टी के लोग कह देते थे कि अभी तक आधार कार्ड नहीं आया है. स्थानीय लोगों ने 4 मई के दिन इस पार्टी ऑफिस में ताला लगा दिया था और जब पार्टी ऑफिस का ताला खोला गया तो आधार कार्ड बरामद हुए.
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में घुसपैठ और फर्जी आधार कार्ड का मुद्दा बहस के केंद्र में रहा है. अब टीएमसी के दफ्तर से बड़ी संख्या में आधार कार्ड बरामद किए जाने के बाद एक नई सियासी बहस छिड़ गई है. सरकारी जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की टीएमसी दफ्तर से बरामदगी से भी सूबे की मुख्य विपक्षी पार्टी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं.


