तेंदूपत्ता से भरी माजदा में लगी भीषण आग, हाईटेंशन तार से टकराने पर हुआ हादसा

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी. मोहला के केशला गांव में तेंदूपत्ते से लदा ट्रक जलकर खाक हो गया. हादसे में लाखों रुपए के तेंदूपत्ता और ट्रक जलकर खाक हो गए हैं. वाहन पर चालक समेत 6 लोग मौजूद थे. उन्होंने कूदकर अपनी जान बचाई. थाना प्रभारी गोटाटोला इंस्पेक्टर खोमन भंडारी ने घटना की पुष्टि की है.

जानकारी के मुताबिक, अडमागोंदी गांव स्थित तेंदूपत्ता फड़ से शनिवार की देर रात तेंदूपत्तों से भरे बोरे लादकर स्वराज माजदा वाहन डोंगरगांव ला रहा था. इसी बीच ग्राम केशला में वाहन हाइटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया. बिजली के तार आपस में टकराए, जिससे निकली चिंगारी से अचानक तेंदूपत्ता की बोरियों में आग लग गई. देखते ही देखते वाहन भी तेंदूपत्तों के साथ आग की चपेट में आ गया.

वाहन चालक ने जलते हुए वाहन को बस्ती से बाहर निकाला और एक स्थान पर वाहन को खड़ा कर दिया. पानी छिड़ककर वाहन को आग से बचाने का प्रयास भी किया गया. हालांकि आग पर काबू पाने से पहले ही लाखों रुपये के तेंदूपत्ता समेत वाहन का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो गया.

वाहन मालिक राजनांदगांव के तेंदुपत्ता ठेकेदार योगेश कोटक है. वाहन में लगभग 10 लाख रुपए की लागत का तेंदुपत्ता लदा था. वाहन चालक और 5 अन्य मजदूर सभी सुरक्षित हैं. गोटाटोला पुलिस घटना की जांच में जुट गई है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!