Chamber of Trade and Industry On Petrol-Diesel Price Hike: 10 दिन में चार बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से देश में बवाल खड़ा हो गया है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने पर मोदी सरकार कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष के निशाने पर है। इधर पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम के बीच चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री यानी सीटीआई (CTI) का बड़ा बयान आया है। सीटीआई ने पेट्रोल-डीजल 10-15 रुपये सस्ता करने की मांग की है। सीटीआई ने 10-15 रुपये पेट्रोल-डीजल सस्ता करने का फैक्ट सहित उदाहरण भी दिया है।
इसे लेकर CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखा है। CTI चेयरमैन ने सभी राज्यों के वित्त मंत्रियों की इमरजेंसी बैठक बुलाने की अपील की है। गोयल ने प्रस्ताव दिया है कि अगले तीन महीनों तक पूरे देश में पेट्रोल और डीजल पर फ्लैट 5% VAT लगाया जाए, जिससे उपभोक्ताओं को 10 से 15 रुपये प्रति लीटर तक की राहत मिल सके।
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने इस लगातार बढ़ रही महंगाई को देखते हुए तुरंत राहत देने की मांग की है। बृजेश गोयल ने अपने पत्र में लिखा-पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन VAT राज्यों का विषय है इसलिए इस संकट की घड़ी में राहत देने की जिम्मेदारी अकेले केंद्र की नहीं, राज्यों को भी आगे आना होगा। 21 राज्यों में भाजपा या एनडीए की सरकारें हैं, ऐसे में पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी आसानी से सभी राज्यों को निर्देश जारी कर सकते हैं। उन्होंने यह भी साफ किया कि अगर तीन महीने में अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थिति सामान्य हुई तो राज्य अपनी VAT दरों की फिर से समीक्षा कर सकते हैं।
राज्यों में आसमानी फर्क
CTI ने विभिन्न राज्यों के आंकड़े भी साझा किए
- तेलंगाना- पेट्रोल पर 35.20% VAT
- आंध्र प्रदेश- 31% VAT + अतिरिक्त टैक्स
- दिल्ली- 19.40% VAT
- वहीं अंडमान-निकोबार में सिर्फ 1% VAT होने के कारण पेट्रोल सस्ता है और डीजल की स्थिति भी लगभग ऐसी ही है।
पेट्रोल ₹2.61 और डीजल ₹2.71 महंगा
बता दें कि 25 मई से पेट्रोल-डीजल फिर महंगा हो गया है। तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोतरी की है। पेट्रोल ₹2.61 और डीजल ₹2.71 महंगा हो गया है। तेल कंपनियों ने 10 दिन में चौथी बार पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोतरी की है। इस तरह 10 दिन में पेट्रोल और डीजल लगभग 8 रुपये महंगा हो गया है। नई दरें आज यानी 25 मई की सुबह 6 बजे से लागू हो गई है। पेट्रो कंपनियों ने दाम बढ़ाने के पीछे ईरान युद्ध के कारण होने वाली हानि को कारण बताया है।
मध्य पूर्व में संकट शुरू होने के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 15 मई को पहली बार इजाफा किया गया था। तब दोनों ईंधनों की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी। इसके बाद 19 मई को करीब 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई। विगत शनिवार (23 मई) को तेल के दाम 87 पैसे बढ़ा दिए गए थे। अब 48 घंटे के अंदर चौथी बार पेट्रोल और डीजल के दाम में 2 रुपये से अधिक की वृद्धि कर दी गई है। इस तरह से 4 बार की बढ़ोतरी के बाद दाम में अब तक 7.50 रुपये प्रति लीटर बढ़ चुके हैं।
पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने पर राहुल गांधी आगबबूला
10 दिन में चौथी बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आ गई है। पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने पर आगबबूला हुए राहुल गांधी ने कहा कि महंगाई मानव मोदी (Inflation Manav Modi) का फिर से हमला हुआ है। मैं महीनों से आर्थिक तूफान आने की बात कह रहा था। महंगाई मानव मोदी पेट्रोल-डीज़ल के दाम किश्तों में बढ़ा रहें हैं ताकि चुपके-चुपके आपकी जेब कटती रहे।
सोशल मीडिया एक्स पर राहुल गांधी ने लिखा- महंगाई मानव मोदी का फिर से हमला। पेट्रोल-डीज़ल के दाम किश्तों में बढ़ाते हैं – ताकि चुपके-चुपके आपकी जेब कटती रहे। मैं महीनों से आर्थिक तूफान आने की बात कह रहा था। पर मोदी जी तब हमेशा की तरह चुनाव में व्यस्त थे – और चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल ₹8 महंगा कर दिया। और, ये बढ़त होती ही जाएगी। राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर हमला करते हुए कहा कि महंगाई मानव मोदी का एक ही काम है – चुनाव में वादे, और बाक़ी समय जनता की जेब पर वार।


