श्मशान घाट में डराने वाले दृश्य… कब्रों से बाहर बिखरी मिलीं इंसानी खोपड़ियां और हड्डियां, मचा हड़कंप

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां श्मशान घाट के भीतर इंसानी खोपड़ी, हड्डियां और कंकाल खुले में बाहर बिखरे पाए गए हैं। इतना ही नहीं पास में ही एक प्लास्टिक की थैली में बंधा हुआ मानव कंकाल भी बरामद किया गया। लोग इस बात को लेकर दहशत में हैं कि आखिर पूरी सावधानी के साथ दफनाए गए शवों को कब्र से बाहर कौन निकाल रहा है?

यह पूरा मामला रायपुर नाका शमशान घाट का है। श्मशान घाट में इंसानी अवशेष बिखरे होने की जानकारी स्थानीय पार्षद और नागरिकों ने तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्मृति नगर चौकी पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की एक्सपर्ट टीम मौके पर पहुंची। FSL की टीम ने गहन फॉरेंसिक जांच करते हुए तीन अलग-अलग कब्रों से बाहर निकले शरीर के अवशेषों को सैंपल के रूप में कलेक्ट किया है, ताकि उनकी वैज्ञानिक जांच की जा सके।

चौकी प्रभारी राजेश साहू ने किसी असामाजिक तत्वों या जानवरों द्वारा छेड़खानी की आशंका जताई है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल SP सुखनंदन राठौर ने कहा कि इस पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने साफ किया कि बिना पूरी साइंटिफिक (वैज्ञानिक) जांच रिपोर्ट आए इस मामले में आधिकारिक तौर पर कुछ भी कह पाना मुमकिन नहीं होगा।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगर निगम के खिलाफ भारी आक्रोश है। श्मशान घाट की इस बदहाली और सुरक्षा में चूक को देखते हुए नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि श्मशान घाट की मर्यादा बनाए रखने और सुरक्षा के लिए यहां तुरंत एक परमानेंट चौकीदार नियुक्त किया जाए, ताकि भविष्य में कोई भी असामाजिक तत्व ऐसी हरकत न कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!