हिमाचल में दर्दनाक हादसा: 500 फीट गहरी खाई में गिरी कार, एक ही परिवार के 4 लोगों समेत 8 की मौत

दुर्ग। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां एक कार 500 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है, जिसमें छत्तीसगढ़ के भिलाई के 4 लोग भी शामिल है। सभी बेंगलुरु से हिमाचल घूमने आए थे और साच पास में बर्फबारी का नजारा देखने जा रहे थे। इसी दौरान ये हादसा हुआ।

दरअसल, भिलाई मरोदा के अरविंद चन्द्राकर और अपनी पत्नी प्राची चन्द्राकर समेत परिवार के साथ कुछ सालों से बैंगलोर में रह रहे थे। वे बैंगलोर से ही हिमाचल घूमने गए थे। शुक्रवार दोपहर उन्होंने डलहौजी से एक टैक्सी बुक की थी, जिसमें 8 लोग सवार थे। इसके बाद वे साच पास जोत क्षेत्र की ओर रवाना हुए थे।

देर रात वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया। खाई बेहद गहरी और सीधी होने के कारण वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में पति अरविंद चन्द्राकर, पत्नी प्राची चन्द्राकर और उनके दो बच्चों समेत 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे का खुलासा तब हुआ जब टैक्सी देर रात तक डलहौजी वापस नहीं लौटी। वाहन मालिक को आशंका हुई तो उसने जीपीएस लोकेशन चेक की। लोकेशन कालावन क्षेत्र के पास एक ही जगह पर स्थिर दिखाई दे रही थी। काफी देर तक कोई हलचल नहीं मिलने पर स्थानीय स्तर पर तलाश शुरू की गई।

शनिवार दोपहर बाद वाहन के खाई में गिरने की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई। वहीं मोबाइल नेटवर्क नहीं होने से रेस्क्यू टीम और प्रशासन के बीच संपर्क बनाए रखने में भी परेशानी हुई।

रविवार सुबह पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मिलकर बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया। खाई की गहराई और कठिन परिस्थितियों को देखते हुए लोगों ने ह्यूमन चेन बनाई और रस्सियों की मदद से एक-एक कर शवों को ऊपर सड़क तक पहुंचाया। कई घंटे तक चले अभियान के बाद सभी 8 शव खाई से बाहर निकाल लिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!