418 अरब डॉलर का हुआ निर्यात, गोयल बोले- ‘आरआरआर’ की तरह अर्थव्यवस्था भी बना रही रिकॉर्ड

केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को एक प्रेस वार्ता में भारत की अर्थव्यवस्था पर बात की और इस दौरान हाल ही में आई फिल्म आरआरआर का जिक्र भी किया। गोयल ने कहा, ‘मुझे पता चला है कि आरआरआर फिल्म शायद इस देश की सबसे बड़ी फिल्म बन गई है और 750 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है। इसी तरह, मुझे लगता है कि भारत की अर्थव्यवस्था भी एक के बाद एक रिकॉर्ड तोड़ रही है।’ पीयूष गोयल वित्त वर्ष 2021-22 के लिए निर्यात का आंकड़ा 418 अरब डॉलर पर पहुंचने को लेकर बोल रहे थे।

गोयल ने वित्त वर्ष 2021-22 के व्यापार के आंकड़े जारी करते किए। उन्होंने बताया कि पेट्रोलियम उत्पादों, इंजीनियरिंग वस्तुओं, रत्न व आभूषणों और रसायन क्षेत्र के बेहतर प्रदर्शन के चलते इस साल देश का वस्तुओं का निर्यात 418 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2022 में देश ने 40 अरब डॉलर का निर्यात किया जो एक महीने में निर्यात का सर्वोच्च स्तर है। इसके पहले मार्च 2021 में 34 अरब डॉलर का निर्यात हुआ था। वहीं, वित्त वर्ष 2020-21 में भारत ने 292 अरब डॉलर का निर्यात किया था।

बीती 23 मार्च को देश ने 400 अरब डॉलर के निर्यात के आंकड़े को पार कर लिया था। भारत ने सबसे ज्यादा निर्यात अमेरिका को किया है। इसके बाद संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), चीन, बांग्लादेश और नीदरलैंड रहे। निर्यात का आंकड़ा 400 अरब डॉलर से ऊपर पहुंचने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बहुत बड़ी उपलब्धि बताया था। उन्होंने कहा था कि यह आत्मनिर्भर भारत बनने की दिशा में एक अहम मील का पत्थर है। बता दें कि कोरोना वायरस महामारी का असर शांत होने के बाद अर्थव्यवस्था में तेज सुधार देखने को मिला है।

error: Content is protected !!