साइबर फ्रॉड: गेम खेलते समय आई एक लिंक और उड़ गए 4 लाख रूपए, तीन बैंक खातों को ठगों ने किया साफ

जबलपुर। ऑनलाइन गेम खेलने के शौकीनों के लिए बेहद चौंकाने वाली और सतर्क करने वाली खबर सामने आई है। यहां कोतवाली थाना इलाके में शातिर साइबर ठगों ने एक युवक के मोबाइल पर सिर्फ एक लिंक भेजकर उसके तीन अलग-अलग बैंक खातों से 4 लाख रूपए से ज्यादा की रकम पार कर दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात जालसाजों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

मोबाइल पर गेम खेलने के दौरान जाल में फंसाया

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना कोतवाली थाना अंतर्गत आने वाले शीतला माई वार्ड की है। यहां के निवासी सौरभ शर्मा ने थाने में ऑनलाइन ठगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

कब हुई घटना?

पीड़ित सौरभ के अनुसार बीते 24 मई को जब वह अपने मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेल रहे थे उसी दौरान उसके पास एक अज्ञात लिंक आई थी। सौरभ ने जैसे ही उस लिंक पर क्लिक किया ठगों को उसके मोबाइल का मिल गया और बैंक से सारे रूपए चुरा लिए गए।

तीन बैंक खातों को एक साथ साफ किया

शातिर साइबर अपराधियों ने सौरभ शर्मा के एक नहीं बल्कि तीन अलग-अलग बैंक खातों में सेंध लगाई। ठगों ने बारी-बारी से तीनों खातों से पैसे ट्रांसफर किए और देखते ही देखते 4 लाख रूपए से अधिक की गाढ़ी कमाई उड़ा ली। जब मोबाइल पर पैसे कटने का मैसेज आया तब जाकर पीड़ित को इस बड़ी धोखाधड़ी का अहसास हुआ।

पुलिस ने दर्ज किया केस, साइबर सेल की ली जा रही मदद

रूपए उड़ने के बाद पीड़ित सौरभ शर्मा तुरंत कोतवाली थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सौरभ की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

ID और अकाउंट को ट्रैक कर रही पुलिस

कोतवाली पुलिस का कहना है कि जिस नंबर या आईडी से लिंक भेजी गई थी उसे ट्रैक किया जा रहा है। इसके साथ ही जिन खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई है उनकी डिटेल निकालने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है।

पुलिस ने आमजन से की अपील

वहीं पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल पर गेम खेलने या किसी भी अन्य गतिविधि के दौरान अज्ञात और संदिग्ध लिंक्स पर भूलकर भी क्लिक ना करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!