रायपुर. छत्तीसगढ़ विधानसभा के मासनू सत्र का बुधवार को तीसरा दिन है. प्रश्नकाल में विभिन्न विभाग से जुड़े सवालों पर डिप्टी मुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जवाब देंगे. वहीं मुख्यमंत्री साय सदन के पटल पर छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन और स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं. वहीं मंत्री लखनलाल देवांगन और श्याम बिहारी जायसवाल भी विभिन्न विभागों से संबंधित पत्र सदन के पटल पर रख सकते हैं.
सदन की कार्यवाही में आज दो ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है. इनमें इंद्रावती टाइगर रिजर्व में बाघों के शिकार का मामला और शासकीय मुद्रणालय के प्रिंटिंग कार्य में कथित अनियमितताओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा.
विधायक विक्रम उसेंडी गैर सरकारी सदस्यों के विधेयकों और संकल्पों से संबंधित समिति का पहला प्रतिवेदन सदन में प्रस्तुत करेंगे. वहीं विधायक कुंवर सिंह निषाद, सावित्री मंडावी और राघवेंद्र सिंह विभिन्न याचिकाएं पेश कर सकते हैं. इसके अलावा सदन में 7 शासकीय विधि विषयक कार्य भी प्रस्तुत किए जा सकते हैं.

