शहर में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, कॉम्बिंग गश्त और सघन चेकिंग से बढ़ी सख्ती

राजनांदगांव। शहर में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा सघन चेकिंग, निगरानी और कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर सोमवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ संचालित किया गया। अभियान में  दौरान शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गुंडा बदमाश, निगरानी बदमाश, माफी बदमाश, स्थायी वारंटियों एवं किशोर पंजी में दर्ज ऐसे किशोरों की सघन चेकिंग की गई, जो अपराध प्रवृत्ति के हैं अथवा जिन पर अपराध में संलिप्त होने का संदेह है। सभी चिन्हित व्यक्तियों के निवास स्थानों पर पहुंचकर तस्दीक की गई तथा उन्हें कड़ी समझाइश दी गई कि वे भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों से दूर रहें। साथ ही उन्हें समय पर घर में उपस्थित रहने, अनावश्यक रूप से बाहर न घूमने एवं शराब सेवन कर किसी भी प्रकार का विवाद/झगड़ा न करने हेतु स्पष्ट निर्देश दिए गए। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त न हों एवं क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु कड़े निर्देश दिए गए।

यह विशेष कॉम्बिंग गश्त थाना कोतवाली, थाना बसंतपुर, चौकी चिखली एवं थाना लालबाग के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित की गई। थाना बसंतपुर क्षेत्र अंतर्गत कुवा चौक, नंदई चौक, इंदिरा नगर चौक, क्लब चौक, बसंतपुर, शिवनगर एवं बंगाली चॉल क्षेत्र में दबिश देते हुए कुल 20 गुंडा बदमाश निगरानी बदमाश एवं अन्य असमाजिक तत्वों की सघन चेकिंग की गई। इसी प्रकार चौकी चिखली क्षेत्र के सोलाखोली, नवागांव, बापूटोला, स्टेशनपारा, गौरीनगर, मोतीपुर आदि क्षेत्रों में भी कुल 25 असामाजिक तत्वों की व्यापक जांच एवं तस्दीक की कार्यवाही की गई। थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लखोली एवं अन्य क्षेत्र में कुल 16 गुंडा बदमाश, निगरानी बदमाश एवं माफी बदमाशों की चेकिंग की गई।
थाना लालबाग क्षेत्र अंतर्गत पेंड्री बस्ती , पेंड्री अटल आवास आदि क्षेत्रों में भी कॉम्बिंग गश्त कर कुल 28 असामाजिक तत्वों की तस्दीक की कार्यवाही कर असमाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।

जिला पुलिस द्वारा इस कॉम्बिंग गश्त के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि शहर में सक्रिय सभी गुंडा बदमाश, निगरानी बदमाश, माफी बदमाश एवं अन्य असामाजिक तत्वों पर सतत एवं कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उनकी गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है तथा किसी भी प्रकार की अवैध/अपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

error: Content is protected !!