CG: रेलवे स्टेशन पर सनसनी: पिता को शराब पिलाकर सुलाया, तीन साल के मासूम को उठा ले गया अजनबी

अंबिकापुर : ट्रेन से सफर के दौरान हुई दोस्ती एक पिता को भारी पड़ गई। अजनबी ने पहले भरोसा जीता, फिर मछली-अंडा खिलाने के बहाने स्टेशन के दूसरी तरफ ले जाकर शराब पिलाई और मौका पाकर तीन साल के बच्चे को लेकर फरार हो गया। घटना 14 जुलाई की शाम अंबिकापुर रेलवे स्टेशन की है। बच्चे का पता नहीं चलने पर पिता ने गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

कोरिया जिले के ग्राम डबरीपानी थाना पटना निवासी पुन्नीलाल ने पुलिस को बताया कि वह वर्तमान में अजिरमा पानी टंकी के पास किराए के मकान में परिवार सहित रहकर मजदूरी करता है। 14 जुलाई को दोपहर 12 बजे की ट्रेन से वह अपने गांव डबरीपानी गया था। वहां से अपने तीन वर्षीय बेटे रैनी को लेकर शाम करीब 4:30 बजे कटोरा रेलवे स्टेशन से मेमू ट्रेन से अंबिकापुर के लिए निकला।
अंबिकापुर स्टेशन शाम 6:30 बजे पहुंचने के बाद वह बच्चे को लेकर बाहर निकला। स्टेशन के बाहर उसे एक व्यक्ति मिला जो उसी मेमू ट्रेन से आया था। उसने कहा, चलो घूम कर आते हैं, मछली खाते हैं। पुन्नीलाल ने बताया कि वह व्यक्ति भी उसी ट्रेन से आया था, इसलिए वह भरोसा कर उसके साथ चला गया। आरोपित ने मछली और अंडा खरीदा और पुन्नीलाल को रेलवे स्टेशन की दूसरी तरफ ले गया। वहां उसे मछली खिलाई, शराब पिलाई और बच्चे को अंडा खिलाया।
रात करीब आठ बजे शराब के नशे में पुन्नीलाल प्लेटफार्म पर बच्चे के साथ आकर सो गया। करीब 20-25 मिनट बाद जब नशा थोड़ा कम हुआ और वह उठा तो बेटा रैनी पास में नहीं था। उसने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बच्चे का पता नहीं चला। पुन्नीलाल को शंका है कि उसी अज्ञात व्यक्ति ने बहला-फुसलाकर उसके नाबालिग बच्चे को कहीं भगा ले गया है।
अपने स्तर पर काफी खोजबीन के बाद जब बच्चा नहीं मिला तो उसने गांधीनगर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपहरण की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद रेलवे स्टेशन और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस द्वारा आरोपित की पहचान और बच्चे की बरामदगी के लिए प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!