CG: स्कूल में मारपीट करने वाले दो प्रयोगशाला सहायक निलंबित….

अंबिकापुर। विषय कालखंड की समय-सारणी को लेकर विवाद करना दो प्रयोगशाला सहायकों को भारी पड़ गया। वाड्रफनगर विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर में प्रभारी प्राचार्य और व्याख्याता के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट के आरोप में जिला शिक्षा अधिकारी एमआर यादव ने दो प्रयोगशाला सहायक अयोध्या प्रसाद यादव एवं विजय कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बलरामपुर जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसंतपुर में पिछले दिनों प्रयोगशाला सहायकों तथा प्रभारी प्राचार्य के बीच विवाद हुआ था। शिकायत पर वाड्रफनगर विकासखंड शिक्षा अधिकारी को जांच की जवाबदारी दी गई थी।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी अलग-अलग आदेशों के अनुसार विकासखंड शिक्षा अधिकारी वाड्रफनगर द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में पुष्टि हुई है कि प्रयोगशाला सहायक अयोध्या प्रसाद यादव एवं विजय कुमार यादव ने विषय कालखंड की समय-सारणी को लेकर विद्यालयीन समय में प्रभारी प्राचार्य अनन्त कुमार यादव तथा व्याख्याता इजहारूल हक अंसारी के साथ अभद्र व्यवहार एवं मारपीट की। जांच प्रतिवेदन में उल्लेख है कि इस घटना से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण गंभीर रूप से प्रभावित हुआ। अध्यापन कार्य बाधित होने के साथ विद्यार्थियों एवं अन्य शिक्षकों के बीच अनुशासन और शिक्षकीय आचरण को लेकर गलत संदेश गया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने इसे शासकीय सेवक के लिए अपेक्षित अनुशासन, मर्यादा एवं सेवा आचरण के विपरीत मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम का प्रथम दृष्टया स्पष्ट उल्लंघन माना है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों कर्मचारियों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय रामचंद्रपुर निर्धारित किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी एमआर यादव ने कहा है कि विद्यालयों में अनुशासनहीनता, अभद्र व्यवहार एवं शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित करने वाले कृत्यों के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!