विदेशी फंडिंग जांच में बड़ा खुलासा : छत्तीसगढ़ के इस ATM से 3200 बार में निकाले गए 3.20 करोड़ रुपए

धमतरी। विदेशी फंडिंग से जुड़े संदिग्ध लेनदेन की जांच अब धमतरी तक पहुंच चुकी है। करीब 90 करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन की जांच कर रही एजेंसियों के सामने अब एक नया मामला आया है। धमतरी जिले के टिकरापारा स्थित AU स्माल फाइनेंस बैंक के एटीएम से विदेशी डेबिट कार्ड के जरिये करीब 3.20 करोड़ रुपये निकालने की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसी SIA ने एटीएम को अपने रडार पर लेते हुए जांच तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, टिकरापारा स्थित यह एटीएम सुन्दरगंज चर्च से महज 15 से 20 मीटर की दूरी पर है। जांच के दौरान एजेंसी ने संबंधित बैंक से ट्रांजेक्शन का रिकॉर्ड और एटीएम के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि विदेशी डेबिट कार्ड का इस्तेमाल करते हुए करीब 3200 बार 10-10 हजार रुपये की निकासी की गई, जिससे कुल राशि लगभग 3.20 करोड़ रुपये तक पहुंचती है। इन संदिग्ध लेनदेन के आधार पर जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।

संदिग्ध व्यक्ति मौके से फरार, तलाश जारी

बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान संबंधित संदिग्ध व्यक्ति मौके से फरार मिला। उसकी तलाश जारी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित विदेशी फंडिंग का उपयोग किन गतिविधियों के लिए किया गया और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका रही। फिलहाल मामले में जांच जारी है। एजेंसियों की ओर से आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!