रायपुर समेत पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश का अलर्ट, किसानों-ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह

रायपुर। उत्तरी ओडिशा और उससे लगे गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर बने गहरे अवदाब ने छत्तीसगढ़ में मानसून को फिर सक्रिय कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा तथा कुछ स्थानों पर भारी से सीमांत भारी वर्षा की संभावना जताई है। गरज-चमक के साथ वज्रपात का भी खतरा रहेगा।

राजधानी में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने और तेज बारिश होने का पूर्वानुमान है। पिछले 24 घंटों में रायपुर, दुर्ग, बस्तर और बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। हालांकि प्रदेश में अब तक मौसमी वर्षा सामान्य से 18 प्रतिशत कम है, लेकिन सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण आगामी दिनों में यह कमी पूरी होने की उम्मीद है।

चांपा में सबसे अधिक 11 सेमी बारिश

पिछले 24 घंटों में चांपा में सर्वाधिक 110 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। जांजगीर और अकलतरा में 90-90 मिलीमीटर, नगरी, मैनपुर, गुरूर, पिथौरा और राधम में 80-80 मिलीमीटर बारिश हुई। बम्हनीडीह, बोदरी, हसौद और सकरी सहित कई क्षेत्रों में 70 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। रायपुर शहर, माना विमानतल, नारायणपुर, डोंडीलोहारा और मस्तूरी में 60 मिलीमीटर तक पानी गिरा। अनेक अन्य स्थानों पर 50 मिलीमीटर या उससे अधिक वर्षा दर्ज होने से नदियों और जलाशयों में जलभराव बढ़ा है।

गहरे अवदाब से बढ़ेगा बारिश का असर

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी ओडिशा के ऊपर बना गहरा अवदाब पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से मानसून द्रोणिका भी सक्रिय बनी हुई है, जिससे प्रदेश में नमी लगातार बनी रहेगी। यही प्रणाली अगले दो दिनों तक छत्तीसगढ़ में व्यापक वर्षा का प्रमुख कारण बनेगी। विभाग ने संकेत दिया है कि कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। ऐसे में किसानों और आम लोगों को मौसम की चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

रायपुर में तापमान गिरेगा, मौसम रहेगा सुहाना

राजधानी में बुधवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिनभर आकाश मेघमय रहेगा तथा कई दौर की वर्षा हो सकती है। मंगलवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह सापेक्ष आद्रता 96 प्रतिशत और शाम को 81 प्रतिशत रही। लगातार बादल और बारिश के कारण तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा तथा उमस से भी कुछ राहत मिलने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!