बिलासपुर. सकरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कानन पेंडारी के पास गुरवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी, कि रेलिंग का सरिया युवक के पेट में जा घुसा. वहीं दूसरे युवक के पेट से लोहे का पाइप पार हो गया. हादसे में अब्राहम और प्रियांशु की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जबकि तीसरे युवक को सामान्य चोटें आई हैं. तीनों युवक मुंगेली जिले के पेंड्रीडीह, जरहागांव निवासी बताए जा रहे हैं.
जानकारी के अनुसार तीनों युवक अपने गांव से बिलासपुर किसी दोस्त को लेने आए थे. यहां पहुंचने पर पता चला कि उनका मित्र पहले ही वापस जा चुका है. इसके बाद बाइक से तीनों अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान कानन पेंडारी के आसपास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा भिड़ी और भीषण हादसा हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना का दृश्य बेहद भयावह था. टक्कर के बाद रेलिंग का लोहे का सरिया और पाईप दो युवकों के पेट में घुस गया. अब्राहम के पेट में सरिया फंसा रह गया, जबकि प्रियांशु के पेट में घुसा सरिया प्रारंभिक उपचार के दौरान सिम्स अस्पताल में निकाला गया. तीसरे युवक को हल्की चोटें आई हैं और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद मौके से गुजर रहे एक राहगीर ने घायलों के मोबाइल फोन से उनके परिजनों को दुर्घटना की सूचना दी. साथ ही तत्काल डायल-112 और पुलिस को भी सूचना दी गई. सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने लोगो की मदद से घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया.
अपोलो अस्पताल में घायलों को इलाज जारी
सिम्स में प्राथमिक उपचार के दौरान दोनों गंभीर घायलों की हालत चिंताजनक देखते हुए परिजनों ने पहले ही अब्राहम को और बाद में प्रियांशु को रात 3 बजे के आसपास बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों का उपचार जारी है. चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है.
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार एवं बाइक का अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराना माना जा रहा है. सकरी पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है.

