रायपुर। राजधानी के जयस्तंभ चौक स्थित रिलायंस ज्वेल्स शोरूम में करीब 17.50 लाख रुपये के सोने के कंगन गायब कर उनकी जगह नकली कंगन रख दिया गया। गोलबाजार थाना पुलिस ने शोरूम के पूर्व सेल्स स्टाफ मनोज यादव के खिलाफ धाेखाधड़ी की धारा में अपराध दर्ज किया है।
गोलबाजार टीआई स्वराज त्रिपाठी ने बताया कि रिलायंस ज्वेल्स स्टोर, जयस्तंभ चौक के स्टोर मैनेजर आरिफ खान, की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है।
स्टाक मिलान में सामने आए नकली कंगन
शिकायत में बताया गया है कि नौ जुलाई 2026 को स्टोर में कंगन काउंटर का स्टाक मिलान किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने देखा कि तीन सेट (पांच नग) 22 कैरेट सोने के कंगनों की जगह नकली कंगन रखे हुए हैं। गायब हुए सोने के कंगनों का कुल वजन 103.832 ग्राम तथा अनुमानित कीमत 17.50 लाख रुपये बताई गई है।
आंतरिक जांच में सामने आई सच्चाई
स्टोर प्रबंधन ने मामले की आंतरिक जांच की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य रिकार्ड की पड़ताल में तत्कालीन सेल्स स्टाफ मनोज यादव की भूमिका प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित कंगन काउंटर की जिम्मेदारी मनोज यादव के पास थी।
दो जुलाई के बाद नहीं आया स्टोर
शिकायत के अनुसार, मनोज यादव ने छह जुलाई 2026 को कंपनी के पोर्टल पर इस्तीफा दिया और अंतिम कार्य दिवस सात जुलाई दर्शाया, जबकि वह वास्तविक रूप से दो जुलाई के बाद स्टोर नहीं आया। उसने अपनी मां की तबीयत खराब होने का हवाला देकर छुट्टी ली और बिना विधिवत हैंडओवर किए नौकरी छोड़ दी। कंपनी की ओर से बार-बार संपर्क करने और हैंडओवर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश देने के बावजूद वह स्टोर नहीं लौटा।
टैग बदलकर किया गुमराह
जांच में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपित ने पांच मई 2026 को हुए ग्लोबल फिजिकल इंवेंट्री (स्टाक आडिट) और 17 जून 2026 के इंटरनल आडिट के दौरान भी टैग बदलकर आडिट टीम को गुमराह किया, जिससे स्टाक सही दिखाई देता रहा और सोने के कंगनों की कमी छिपी रही। आरोप है कि एक सेट को उसने ऐसे स्थान पर ले जाकर हटाया, जहां सीसीटीवी कैमरों की निगरानी नहीं थी।

