BRICS Summit 2026 : BRICS की साझा घोषणा अच्छी, लेकिन चीन से विवाद भी सुलझे- मायावती

लखनऊ. बसपा सुप्रीमो मायावती ने ब्रिक्स सम्मेलन (BRICS Summit 2026) को लेकर रविवार को प्रेस वार्ता की. उन्होंने कहा कि ब्रिक्स का साझा घोषणा पत्र आया है. साझा घोषणा पत्र अच्छी बात है. वहीं चीन के साथ सीमा के मुद्दे को लेकर बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि चीन के साथ सीमा का मुद्दा हल होना चाहिए और चीन-भारत के बीच सौहार्द जरूरी है.

बता दें कि शनिवार को BRICS Summit 2026 के समापन सत्र में नई दिल्ली घोषणा (New Delhi Declaration) को सदस्य देशों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा का मसौदा सदस्य देशों के सामने रखा और आपत्तियों पर सहमति मांगी. किसी भी देश की ओर से विरोध नहीं होने के बाद इसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया.

नई दिल्ली घोषणा में युद्ध और टकराव रोकने के प्रयास तेज करने की बात कही गई है. BRICS देशों ने विवादों की मूल वजहों को दूर करने और अंतरराष्ट्रीय विवादों का समाधान बातचीत, आपसी सलाह और कूटनीति के जरिए करने की प्रतिबद्धता दोहराई. घोषणा में अलग-अलग देशों के राष्ट्रीय हितों और दृष्टिकोण का सम्मान करते हुए बहुपक्षीय व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया.

BRICS देशों ने एकतरफा टैरिफ और गैर-टैरिफ उपायों के बढ़ते इस्तेमाल पर गंभीर चिंता जताई. कहा गया कि ऐसे कदम वैश्विक व्यापार को प्रभावित करते हैं और WTO के नियमों के अनुरूप नहीं हैं. सदस्य देशों ने बढ़ते परमाणु खतरे और परमाणु टकराव के जोखिम पर भी चिंता व्यक्त की. साथ ही अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ एकतरफा दबाव वाले आर्थिक उपायों की निंदा की गई. BRICS देशों ने सीमा पार भुगतान प्रणाली को आसान बनाने के लिए बातचीत जारी रखने और व्यावहारिक समाधान तलाशने पर सहमति जताई. वैश्विक व्यापार, सप्लाई चेन और ऊर्जा की सुचारू आवाजाही बनाए रखने के लिए सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया. पीएम मोदी ने कहा कि ग्लोबल साउथ को नई तकनीकों के विकास के साथ-साथ उनके लिए नियम तय करने की प्रक्रिया में भी बराबर भागीदारी मिलनी चाहिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!