गणेश विसर्जन पर शहर में ट्रैफिक अलर्ट, इन रास्तों पर वाहनों की नो-एंट्री…

25 सितंबर दोपहर से 26 सितंबर सुबह तक कई मार्ग बंद

राजनांदगांव(दैनिक पहुना)। गणेश विसर्जन झांकी और प्रतिमाओं के मोहारा कुण्ड में विसर्जन को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने 25 सितंबर को दोपहर 2 बजे से 26 सितंबर को सुबह 10 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। इस दौरान कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा तथा शहर में आने वाले वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

यातायात पुलिस के अनुसार फरहद चौक, ट्रांसपोर्ट नगर, मोहारा बायपास, गठुला और सीआईटी बायपास से शहर की ओर आने वाले हल्के एवं भारी चारपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। बीजेपी कार्यालय एवं 18 एकड़ कट से वाहनों का डायवर्सन किया जाएगा। शहर से खैरागढ़ की ओर जाने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना होगा। वहीं बालोद की ओर से आने वाले वाहनों का डायवर्सन हल्दी मोड़ से किया जाएगा।

यहां रहेगी दोपहिया वाहनों की पार्किंग

डोंगरगांव एवं बालोद की ओर से आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए साइंस कॉलेज, गुजराती स्कूल और बख्शी स्कूल में पार्किंग व्यवस्था की गई है। तुमड़ीबोड़ एवं सुकुलदैहान की ओर से आने वाले दोपहिया वाहन चालक प्यारेलाल स्कूल में वाहन पार्क कर सकेंगे। खैरागढ़ एवं दुर्ग की ओर से आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए स्टेट स्कूल तथा फ्लाईओवर के नीचे पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है।

इन मार्गों से निकलेगी विसर्जन झांकी

गणेश विसर्जन झांकियां मानव मंदिर चौक में महावीर चौक, गुरुद्वारा चौक और दुर्गा चौक की ओर से प्रवेश करेंगी। इसके बाद आजाद चौक, भारत माता चौक, कामठी लाइन, सुरजन गली, रामाधीन मार्ग और तिरंगा चौक होते हुए गंज चौक की ओर जाएंगी। झांकी मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

भारी वाहनों के लिए भी डायवर्सन

25 और 26 सितंबर को मोहारा कुण्ड में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान बालोद मार्ग से आने वाले भारी वाहनों का डायवर्सन हल्दी तिराहा से किया जाएगा। इस अवधि में बालोद मार्ग से राजनांदगांव शहर की ओर भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने नागरिकों से झांकी मार्ग पर वाहन नहीं लाने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा डायवर्सन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!