अभनपुर। मंडी रोड के पास सोमवार को हाईवा को ओवरटेक करने के दौरान एक्टिवा सवार तीन नाबालिग दुर्घटना का शिकार हो गए। तीनों एक ही एक्टिवा पर बिना हेलमेट ट्रिपलिंग कर रहे थे। हादसे में 16 वर्षीय कृष्ण कुमार साहू की मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार दो अन्य नाबालिग घायल हो गए। तीनों बकतरा सिंचाई कॉलोनी के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि तीनों नाबालिग एक्टिवा से मंडी रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने आगे चल रहे हाईवा को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान एक्टिवा अनियंत्रित होकर हाईवा की चपेट में आ गई। टक्कर के बाद कृष्ण कुमार साहू हाईवा के पहिए की चपेट में आ गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दो नाबालिग घायल
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने दोनों घायल नाबालिगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। दोनों घायल भी बकतरा सिंचाई कॉलोनी के निवासी बताए जा रहे हैं।
हाईवा जब्त, चालक फरार

घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हाईवा को जब्त कर थाने में खड़ा करा दिया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

प्रारंभिक जानकारी में हाईवा को ओवरटेक करने के दौरान हादसा होने की बात सामने आई है। वहीं, एक ही एक्टिवा पर बिना हेलमेट तीन नाबालिगों के सवार होने की बात भी सामने आई है। दुर्घटना की पूरी परिस्थिति और लापरवाही किसकी थी, इसका पता पुलिस की जांच के बाद चलेगा। अभनपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

