यूपी/झांसी। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2026 के दौरान झांसी से नकल का एक बेहद हैरान करने वाला और अनोखा हाईटेक तरीका सामने आया है. परीक्षा केंद्र पर चेकिंग से बचने के लिए प्रयागराज से आए एक अभ्यर्थी ने सैनिटरी पैड के भीतर ब्लूटूथ व इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस छिपाकर उसे अपने अंतःवस्त्रों में लगा रखा था. हालांकि, परीक्षा कक्ष में डिवाइस से आ रही हल्की सरसराहट की आवाज ने उसकी चालाकी की पोल खोल दी.
झांसी में 10,000 से अधिक अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा
झांसी जिले में PET परीक्षा के लिए कुल 37 केंद्र बनाए गए थे. जिलाधिकारी गौरांग राठी और ADM प्रशासन संजय चावला ने दावा किया कि पूरी परीक्षा CCTV की निगरानी में पूरी तरह नकलविहीन संपन्न हुई. पहली पाली में 5,391 और दूसरी पाली में 5,420 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी. इस तरह केवल झांसी जिले में ही 10,811 अभ्यर्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया.
बदायूं में गूगल मैप ने अभ्यर्थियों को भटकाया
वहीं, सीतापुर, लखीमपुर और शाहजहांपुर से बदायूं में परीक्षा देने आ रहे अभ्यर्थियों को ‘गूगल मैप्स’ (Google Maps) ने बुरी तरह भटका दिया. अभ्यर्थियों को बदायूं स्थित ‘डीपॉल स्कूल’ परीक्षा केंद्र पहुंचना था, लेकिन गूगल मैप ने लोकेशन को मूसाझाग क्षेत्र में ग्राम प्रधान कालीचरण के मकान के पास दिखा दिया. इसके चलते कई परीक्षार्थी समय पर सेंटर पहुंचने के लिए काफी परेशान हुए.

