महादेव सट्टा ऐप: सौरभ चंद्राकर के समर्थन में उतरे अमित जोगी! बोले….

रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी इन दिनों सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। ऐसे में अब उन्होंने महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर के समर्थन में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर पोस्ट करते हुए एक वीडियो भी शेयर किया है। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा है, ‘मैं सौरभ चंद्राकर का फैन क्यों हूं?’

अमित जोगी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “दोस्तों, मैं खुलकर कह रहा हूं—मैं सौरभ चंद्राकर का फैन और आपको भी होना चाहिए। हम सब कहते हैं- ‘सबले बढ़िया छत्तीसगढ़िया, भोला छत्तीसगढ़िया’, लेकिन अगली लाइन कोई याद नहीं रखता- ‘सीधा म सीधा त भोला छत्तीसगढ़िया, नई त डोमी करिया!’

हम भोले हैं, इसलिए हम हमेशा लूटे गए हैं। एक जूस बेचने वाला भोला छत्तीसगढ़िया उन लोगों में पहुंच गया, जो राज करते हैं, गुलामी नहीं। आरोप है कि वह टेढ़े रास्ते से पहुंचा- साम, दाम, दंड, भेद से। तो? यही पैमाना तो उन बड़े-बड़ों पर लागू करो, जिन्होंने छत्तीसगढ़ को अडानीगढ़ बना दिया। सौरभ ने उन्हीं को उन्हीं के खेल में हरा दिया। एक छत्तीसगढ़िया, जिसने विक्टिम बनने से मना कर दिया- उससे सीखने को बहुत कुछ है। सोचिए।”

दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर है सौरभ चंद्राकर

बता दें कि ओमान से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद CBI ने 2 नवंबर 2026 को सौरभ चंद्राकर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया था। विशेष न्यायाधीश निखिल चोपड़ा की अदालत में CBI ने उसे दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर देने की मांग की थी। मामले की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की ओर से लंबी बहस हुई।

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने कहा कि फिलहाल उसके समक्ष आरोपी की ट्रांजिट रिमांड का सवाल है। प्रत्यर्पण की शर्तों के तहत आरोपी पर CBI के मामले में मुकदमा चलाया जा सकता है या नहीं, इस पर फैसला रायपुर की संबंधित विशेष अदालत करेगी।

अदालत ने सौरभ चंद्राकर की दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर करते हुए उसे 4 नवंबर 2026 तक रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश करने का निर्देश दिया। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रत्यर्पण की शर्तों और मुकदमे की वैधता से जुड़े सवालों पर निर्णय संबंधित ट्रायल कोर्ट को ही करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!