Indigo Flight Emergency Door Tampering: दिल्ली से पुणे जा रही इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी दरवाजे से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इमरजेंसी दरवाजे के लीवर से छेड़छाड़ करने के कारण उड़ान के दौरान अलार्म बज गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मामले में आरोपी यात्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी पैसेंजर को नोटिस दिया है।
यह घटना फ्लाइट 6E6884 में हुई। पुलिस के मुताबिक, यात्री गौरव सत्येंद्र रौतेला (33) पुणे का रहने वाला है और इमरजेंसी दरवाजे के पास बैठा था।
पुलिस के मुताबिक सोमवार रात करीब 12.45 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी। टेकऑफ के कुछ समय बाद पैसेंजर ने इमरजेंसी दरवाजे के लीवर पर लगे कवर से छेड़छाड़ की। इससे अलार्म बज गया। उड़ान के दौरान अलार्म बजने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। फ्लाइट करीब 2 बजे पुणे पहुंची। क्रू मेंबर की शिकायत पर पैसेंजर के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ एयरक्राफ्ट एक्ट की धाराएं भी लगाई हैं।
पुलिस ने आरोपी पैसेंजर को नोटिस दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। उसके खिलाफ दर्ज केस में लगाई धारा लापरवाही या उतावलेपन से ऐसा काम करने पर लगती है, जिससे किसी की जान या निजी सुरक्षा खतरे में पड़े।

