मुर्गा लड़ाई की आड़ में चल रहा था जुआ, पुलिस ने मौके पर मारी रेड, कैश समेत मोबाइल और कार जब्त

बीजापुर। जिले में मुर्गा लड़ाई की आड़ में चल रहे जुए के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भोपालपट्टनम ब्लॉक के रायगुड़ा गांव में संचालित अवैध मुर्गा बाजार में पुलिस की टीम ने दबिश देकर बड़ी मात्रा में नकदी, मोबाइल और कारें जब्त की हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मौके से करीब 20 से 25 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं।

बताया जा रहा है कि रायगुड़ा में मुर्गा लड़ाई के नाम पर बड़े पैमाने पर जुए का खेल चल रहा था। इसमें छत्तीसगढ़ के अलावा तेलंगाना और आंध्रप्रदेश से भी जुआरी पहुंचे थे। यहां लाखों रुपये का दांव लगाया जा रहा था।

मामले की जानकारी पुलिस को मुखबिर के जरिए मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने टीम गठित की और मौके पर पहुंचकर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद लोगों को पकड़ने के साथ ही नकदी और अन्य सामान जब्त किया गया।

एसपी ने बताई कार्रवाई की वजह

एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान कैश बरामद हुआ है।

फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है। मौके से कितने लोगों को गिरफ्तार किया गया है, कितने मोबाइल और वाहन जब्त हुए हैं तथा कितनी नकदी जब्त हुई है, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद मामले में और खुलासे हो सकते हैं।

कानूनन प्रतिबंधित है मुर्गा लड़ाई

मुर्गा लड़ाई भारत में कानूनन प्रतिबंधित है। पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 के तहत इस तरह की गतिविधियों पर रोक है। सुप्रीम कोर्ट और हैदराबाद हाईकोर्ट भी 2015 और 2016 में अपने फैसलों के जरिए इस प्रतिबंध को बरकरार रख चुके हैं। इसके बावजूद छत्तीसगढ़, आंध्रप्रदेश और झारखंड के कुछ इलाकों में परंपरा की आड़ में मुर्गा लड़ाई के आयोजन किए जा रहे हैं। ऐसे आयोजनों में कानून का उल्लंघन होने के साथ ही पशुओं के साथ क्रूरता भी की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!