पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले में DSP समेत 11 पुलिसकर्मी मारे गए. खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट में टीटीपी के आतंकवादियों ने पाकिस्तान की पुलिस फोर्स पर हमला कर दिया. पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में 18 हमलावर मारे गए. अवैध सोने की खनन के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन से लौट रही पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया गया. हमले के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया.
इस हमले में मारे गए पुलिसकर्मियों में डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस हैदर ज़मान और सब-इंस्पेक्टर मुख्तियार शामिल थे. हमलावरों ने पुलिस की पांच गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया.
बयान में कहा गया, ‘जब पुलिस टीम ऑपरेशन पूरा कर लौट रही थी, तो आपराधिक तत्वों की शह पर फितना-अल-खवारिज ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. पुलिसकर्मियों ने बड़ी बहादुरी और साहस के साथ हमलावरों का मुकाबला किया, जिसके परिणामस्वरूप 18 खवारिज मारे गए.’
पाकिस्तान सरकार ‘फितना-अल-खवारिज’ शब्द का इस्तेमाल प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से जुड़े आतंकवादियों के लिए करती है. पुलिस प्रवक्ता मोहम्मद नौमान जैब के मुताबिक, हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू की, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमले में पुलिस की पांच गाड़ियों को भी आग लगा दी गई.
वहीं, हमले की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल और अन्य सुरक्षा दलों को मौके पर भेजा गया. जवाबी कार्रवाई के लिए एक बड़ा पुलिस दस्ता भी बुलाया गया.
पुलिस के मुताबिक, इस घटना ने अवैध सोना खनन में शामिल आपराधिक तत्वों और फितना-अल-खवारिज के बीच के साठगांठ को बेनकाब कर दिया है. खैबर पख्तूनख्वा के राज्यपाल फैसल करीम कुंडी ने पुलिसकर्मियों की मौत पर दुख जताया है और इस घटना पर रिपोर्ट मांगी है.

