अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में गंदगी, दो लाख की मंजूरी के बाद भी साफ-सफाई नहीं

– खिलाड़ियों ने जाहिर की असंतुष्टि
– फैल सकती हैं बीमारियां


दैनिक पहुना राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी स्थित अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम की हालत कुछ ही साल में खराब हो गई है। यदि यहां की साफ सफाई और रखरखाव पर इसी तरह ध्यान नहीं दिया जाता रहा तो बहुत जल्द यह स्टेडियम जर्जर स्थिति में पहुंच सकता है। शासन से इसकी साफ सफाई व मेंटनेंस के नाम पर हाल ही में दो लाख रूपये की स्वीकृति होने की आधिकारिक जानकारी मिली है।बता दें कि राजनांदगांव शहर में आज 11 सितंबर से 14 सितंबर तक के लिये राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित है। इस अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हॉकी, स्टेट व म्यूनिसिपल स्कूल में फुटबाल, दिग्विजय स्टेडियम में बॉस्केटबाल जैसी स्पर्धायें शुरू हो गईं हैं। अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आज शुभारंभ के मौके अधिकारीगण पहुंचे हुए थे। बावजूद इसके स्टेडियम की साफ सफाई मरम्मत आदि पर ध्यान ही नहीं दिया गया। परिसर में प्लेयर्स रूम प्रवेश के गलियारों में और बाहर गलियारों में साफ सफाई महीनों से नहीं हुई स्पष्ट दिखाई दे रही है। खिड़कियों के कांच टूटे, नल टूटे हैं। दर्शक दीर्घा चढ़ने-उतरने के मार्ग में झाड़ खरपतवार उग आए हैं। कचरे जहां-तहां बिखरे पड़े हैं। कूलर पानी भरे हालात में सड़ रहा है। डैंगू का खतरा है। कक्षों की कबाड़ खाना जैसी हालत है। प्रसाधनों में भारी गंदगी व्याप्त है। जलापूर्ति की स्थायी व्यवस्था नहीं है अतः टैंकर बुलाया गया है। महिला व पुरूष प्रसाधनों में ताले जड़े दिखे। स्थानीय व बाहर से आये खिलाड़ियों ने व्यवस्था को लेकर असंतुष्टि जाहिर की।
‘‘अभी मैं छुट्टी पर हूं। कल ही तो कलेक्टर ने बजट सौंपे हैं। सात साल में पहली बार 2 लाख का बजट आया है। एस्ट्रोटर्फ साफ करा दिया हूं। और जगह की साफ सफाई होनी है।’’
ए एक्का
जिला खेल अधिकारी

 

error: Content is protected !!