नगर निगम की सामान्य सभा में जमकर हंगामा

 

सत्रह विषयों को लेकर बैठक जारी

राजनांदगांव (दैनिक पहुना)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नीत कांग्रेस सरकार के घोषणा पत्र के अनुसार सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना लागू करने की बात को विपक्ष भाजपा के पार्षदों द्वारा आज सदन में उठाये जाने से निगम की सामान्य सभा में हंगामा हो गया। पलटवार करने में सत्तासीन कांग्रेस के पार्षद भी पीछे नहीं रहे। कांग्रेस – भाजपा दोनों पक्ष के पार्षदों द्वारा अपनी – अपनी कुर्सी छोड़कर सभापति के सामने आकर बार – बार हंगामा करते देख सदन में उपस्थित पूूर्व मंत्री लीलाराम भोजवानी जो पूर्व मुख्यमंत्री व विधायक डॉ. रमन सिंह के प्रतिनिधि हैं, को दोनों पक्ष को सदन की मर्यादा का पाठ पढ़ाना पड़ा। अनेक बार तो महापौर श्रीमती हेमा सुदेश देशमुख को खड़े होकर सदन की गरिमा को बनाए रखने की बात कहनी पड़ी। कतिपय भाजपा पार्षद भी सदन की गरिमा अनुसार ही पेश आने की बात कहते रहे। पर इस सीख के बावजूद पहले विषय को लेकर सामान्य सभा की शुरूआत साढे दस बजे के बाद से हंगामा बंद नही हुआ। इस बीच कुलबीर छाबड़ा को बाहर करो, महापौर माफी मांगो के नारे भाजपा पार्षदों ने लगाये। कांग्रेस पार्षदों ने भी झूठ मत बोलो के नारे लगाए। दोनों ही पक्ष एक – दूसरे के कार्यकाल को लेकर उधेड़ते रहे। हंगामे के बीच निगम के अधिकारी भी मोबाईल में व्यस्त रहे। जानकारी के मुताबिक सामान्य सभा में मोबाईल ले जाना प्रतिबंधित होता हैै, लेकिन ये मोबाईल में गेम खेलते रहते हैं। पहले विषय के आखिरी में महापौर श्रीमती हेमा देशमुख ने पहले विषय लोकसेवा केंद्रों के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन के आवेदन के आंकड़े को लेकर तब से लेकर अब तक की प्रक्रिया व आंकड़ों की सविस्तार जानकारी दी। साथ ही यह कहा कि कम से कम मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा को इस सदन में न लायें। आखिर में करीब पौने दो बजे पहला विषय सर्वसम्मति से पारित करने की घोषणा सभापति हरिनारायण धकेता ने की। इसके बाद विषय क्रमांक दो से विषय क्रमांक सात तक शहर के विभिन्न स्थलों के नामकरण की घोषणा पर चर्चा शुरू हुई। सामान्य सभा में कुल सत्रह विषयों पर चर्चा उपरांत निर्णय लिए जाने हैं। निगम की सामान्य सभा को लेकर दैनिक पहुना ने कल के समाचार में ही हंगामे की संभावना व्यक्त कर दी थी, जो सत्य साबित हुई।

error: Content is protected !!