घंटा भर की तेज बारिश में शहर की सफाई व्यवस्था की खुली पोल

शहर की सड़कों, बाजारों में नाली का गंदा पानी फैला, घरों में भी घुसा पानी

राजनांदगांव। क्वांर महीना के चलते जहां जरा सी धूप गर्मी बर्दाश्त करना लोगों को मुश्किल होता है वहीं आज दोपहर मौसम खुशगवार होने के बाद तेज वर्षा हो गई। लगभग एक घंटा की ही बारिश में शहर की सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई। शहर की नालियों का पानी सड़कों, बाजारों में कचरा सहित फैल गया। नालियों का गंदा पानी कई घरों, प्रतिष्ठानों में भी घुस गया।


इन स्थानों में रही जल जमाव की स्थिति
पहुना ने देखा कि आज दोपहर एक से दो बजे तक की तेज बारिश में जिला चिकित्सालय परिसर, नई गंज मंडी के मेन गेट के अंदर व बाहर सड़क पर, मंडी डाकघर के सामने, हाट बाजार, पुराना बस स्टैंड आदि सहित कई निचली बस्तियों में भी जल जमाव की स्थिति बन गई। एक तो नालियों में प्लास्टिक, कांच, रबर आदि सहित ई कचरा ठूंसे जाने बुरी आदत कितने ही लोगों की छूटी नहीं है, दूसरी यह कि निगम प्रशासन नालियों की नियमित व ठीक तरह से सफाई के प्रति ध्यान ही नहीं देता। अतिक्रमण की वजह से भी नालियां भरी पड़ी रहतीं हैं। आधा तो शराबियों आदि द्वारा डिस्पोजल, गिलास व शराब की बोतलें, चखना पैकेट्स के कचरे नालियों में भर दिये जाते हैं। सिंगल यूज पॉलिथिन बैग्स पर भी प्रतिबंध को प्रभावी नहीं बनाया जा सका है। जो भी हो जैसे भी हो शहर की सफाई व्यवस्था की पोल आज एक घंटा की वर्षा से खुल ही गई। निगम प्रशासन हो चाहे जिला प्रशासन स्वच्छ भारत अभियान की लाख दुहाई देता रहे। जल निकासी व्यवस्था व सफाई व्यवस्था कब सुधरेगी कहा नहीं जा सकता। जनता के लाखों रूपये व्यवस्था सुधारने के नाम पर लगते हैं। पूरी तरह सदुपयोग तो होता नहीं।

error: Content is protected !!