बिलासपुर। कोटा नगर के धौराभाठा वार्ड क्रमांक 15 में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां सांप के काटने से 3 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। वार्ड की पार्षद पुष्पा का तीन वर्षीय बेटा लकड़ियों के ढेर पर चढ़ा था तभी यह घटना हुई।
घर के आंगन में खेल रहा था
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह वार्ड पार्षद कोमल पालके का पुत्र हिमांशु अपने घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान वहां एक बंदर आ गया, जिसे भगाने के लिए बच्चा पास में रखे लकड़ियों के ढेर पर चढ़ गया।बताया जा रहा है कि लकड़ियों के बीच एक जहरीला सांप छिपा हुआ था, जिसने बच्चे के पैर में काट लिया।
परिजनों को बताया कि उसका पैर टूट गया है
सर्पदंश के बाद बच्चा घबराकर रोते हुए घर के अंदर पहुंचा और परिजनों को बताया कि उसका पैर टूट गया है। परिजनों ने जब बच्चे के पैर को देखा तो वहां से खून बह रहा था, जिससे उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। तत्काल परिजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा पहुंचे। हालांकि, वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है।

