ढाबे में जन्मदिन मनाने गए युवक की चाकू गोदकर हत्या, 4 नाबालिग सहित 6 आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। होटल में खाना खाने के बाद वॉश बेसिन में हाथ धोने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. चाकू के वार से एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में 4 नाबालिग भी शामिल हैं। पूरी वारदात सोमनी थाना इलाके के देवादा में बने हमारा ढाबा की है।

सीएसपी पुष्पेंद्र नायक ने बताया कि मृतक और आरोपी खाना खाने और बर्थडे पार्टी मनाने के लिए ढाबे पर पहुंचे थे। खाना खाने के बाद वॉश बेसिन पर हाथ धोने के दौरान एक युवक को पानी के छींटे पड़ गए. इस बात से नाराज आरोपी युवक ने मृतक युवक से विवाद शुरु कर दिया। विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने बाहर से अपने दोस्तों को ढाबे पर बुला लिया।

बाहर से बुलाए गए युवकों ने आते ही पीड़ित युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने शुरु कर दिए. हमलावर युवकों ने ढाबे पर बर्थडे पार्टी मनाने आए युवक की जान ले ली। मृतक युवक भिलाई से जन्मदिन सेलिब्रेट करने के लिए देवादा राजनांदगांव आया था। मृतक युवक का नाम प्रशांत तिवारी था।पुलिस ने भिलाई के दो युवकों सहित कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगो में 4 नाबालिग भी शामिल हैं। पकड़े गए आरोपी दुर्ग भिलाई के रहने वाले हैं। पुलिस ने पकड़े गए युवकों के पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए 2 चाकू और दो वाहन जब्त किए हैं. पकड़े गए दो बालिग आरोपी पहले से ही कई अपराधों में शामिल रहे हैं। मामूली विवाद में युवक की हत्या करने वाले आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।

error: Content is protected !!