युवती काे प्रेम जाल में फंसाया, फिर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग, केस दर्ज…

बालोद। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र से ब्लैकमेलिंग का गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने युवती को प्रेम जाल में फंसाकर उसका अश्लील वीडियो बनाया और फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता अपनी मौसी से वीडियो कॉल पर बातचीत कर रही थी। इसी दौरान आरोपी युवक ने अपनी भाभी के माध्यम से युवती का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया। इसके बाद करीब 15 दिनों तक दोनों के बीच बातचीत होती रही। जब युवती के पिता को इस बातचीत की जानकारी लगी तो उन्होंने युवती को समझाइश देते हुए आरोपी का नंबर ब्लॉक करवा दिया। हालांकि इसके बाद भी आरोपी युवक ने इंस्टाग्राम के जरिए दोबारा युवती से संपर्क किया। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और युवक ने युवती को प्रेम जाल में फंसाकर वीडियो कॉल के दौरान कपड़े उतरवाकर उसका न्यूड वीडियो बनवा लिया।

कुछ दिनों बाद युवक ने उक्त वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देते हुए युवती से 50 हजार रुपये की मांग की। डर के चलते पीड़िता ने ऑनलाइन माध्यम से 990 रुपये आरोपी को भेजे। बाद में जब युवती ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया।

वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलते ही पीड़िता थाने पहुंची और अपने मौसी के देवर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक महाराष्ट्र के पुणे का रहने वाला बताया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है। एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति से निजी जानकारी या वीडियो साझा करने से बचें। ऐसी किसी भी घटना की तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!