सेना में चार वर्षीय सेवाकाल वाली अग्निपथ योजना देश की सुरक्षा से खिलवाड़- मंत्री अकबर

अग्निपथ योजना मोदी सरकार की दिशाहीन योजना है

कवर्धा। सेना में चार वर्षीय सेवाकाल वाली अग्निपथ भर्ती योजना के विरोध में कवर्धा में प्रदेश शासन के वरिष्ठ मंत्री मोहम्मद अकबर के नेतृत्व में कांग्रेसजनों द्वारा सत्याग्रह किया गया। सत्याग्रह आंदोलन को संबोधित करते हुए मंत्री व कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर ने अग्निपथ योजना को मोदी सरकार की दिशाहीन योजना बताया। उन्होंने इसे देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ व युवाओं के साथ धोखा कहा। उन्होने कांग्रेस पार्टी की ओर से इस योजना के खिलाफ संघर्ष करते रहने का वादा किया।
सत्याग्रह आंदोलन को संबोधित करते हुए मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि चार वर्ष की सेवा अवधि के बाद युवा अवस्था में सेवानिवृत्त होने के बाद युवाओं के सामने भटकने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा। सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन नहीं मिलेगी तथा युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। अग्निपथ योजना में भर्ती होने वाले युवाओं जिसे अग्निवीर कहा जाएगा वे अपनी मर्जी से चार वर्ष से पहले नौकरी नहीं छोड़ पाएंगे। मोदी सरकार इस योजना का बढ़चढ़कर प्रचार कर रही है लेकिन यह बहुत ही खोखली योजना है। चार वर्षीय सेवाकाल के लिए सेना में भर्ती युवा जरूरत पड़ने पर अपनी जान लड़ाने से कतराएगा, क्योकि वह खुद ही अनिश्चित भविष्य की चिंताओं के जाल में फंसा हुआ होगा। देश में सेना के तीनों अंगों में लाखों पद रिक्त पड़े है। मोदी सरकार चारवर्षीय सेवाकाल वाली अग्निपथ योजना में मात्र 42 हजार युवाओं को भर्ती करेगी। चार वर्ष के पश्चात युवाओं को सड़क पर भटकने के लिए छोड़ दिया जाएगा।

युवाओं से चौकीदारी कराना चाहती है भाजपा

प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री ने भाजपा सरकार पर युवाओं का भविष्य चौपट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ये कह रहे है कि अग्निपथ योजना से सेवानिवित्त होने वाले अग्निवीरों को भाजपा कार्यालय में सिक्योरिटी गार्ड की भर्ती में प्राथमिकता देंगे। यह देश की युवा शक्ति को अपमानित करने के अलावा और कुछ नहीं है।

मोदी सरकार की योजनाएं किसी को समझ नहीं आती – अकबर

श्री अकबर ने कहा कि मोदी सरकार अलग-अलग वर्गो के हित के नाम पर नई-नई योजनाएं लाती रहती है। लेकिन ये योजनाएं किसी को समझ में नहीं आती है। मोदी सरकार ने जब देश में आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के नाम पर अचानक नोटबंदी की तो किसी अर्थशास्त्री को इसके पीछे का उद्देश्य समझ नहीं आया। इसी दौरान जब मोदी सरकार देश में व्यापार को बढ़ावा देने के नाम पर जीएसटी लेकर आई तो इसे व्यापारी नहीं समझ पाएं। देश के किसानों के व्यापक हित के नाम पर जब तीन कृषि कानून लाए गए तो इसे किसान समझ नहीं पाया। अब युवाओं के हित के नाम पर अग्निपथ भर्ती योजना लाई गई है तो युवाओं का हाल यह है कि वे सड़क पर उतरकर देश व्यापी विरोध कर रहे है।

अग्निपथ योजना देश के खिलाफ, मोदी सरकार को वापस लेनी होगी यह योजना

कांग्रेस के देश व्यापी आंदोलन के तहत सत्याग्रह में पहुंचे प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी ने देश के युवाओं के हित में अग्निपथ योजना के विरोध में हर हाल में संघर्ष करने का वादा किया है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यहां तक कहा है कि मोदी सरकार को अग्निपथ योजना हर हाल में वापस लेनी होगी। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राहुल गांधी ने इस योजना के बारे में कहा है कि अग्निपथ योजना देश की सेना को कमजोर करने वाली योजना है। राहुल गांधी ने भी अग्निपथ योजना का विरोध कर रहे युवाओं के साथ देने का वादा करते हुए इस योजना को वापस किए जाने तक कांग्रेस पार्टी द्वारा आंदोलन चलाने का ऐलान किया है।
उल्लेखनीय है कि आज 27 जून को प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेसजनों ने अग्निपथ योजना के विरोध में सत्याग्रह किया। प्रदेश शासन के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खुद भी पाटन में सत्याग्रह आंदोलन में शामिल हुए। इसी तरह प्रदेश के सभी मंत्रियों ने अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्रों में सत्याग्रह आदोलन का नेतृत्व किया। कवर्धा के विधायक व प्रदेश के मंत्री मोहम्मद अकबर को कवर्धा में सत्याग्रह का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी दी गई थी।

बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों ने दी अपनी हिस्सेदारी

सिग्नल चौक स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित सत्याग्रह में सुबह 10 बजे से कांग्रेसजन एकत्रित हो गए थे। एक-एककर प्रमुख पदाधिकारियों को भाषण के लिए आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कांग्रेसजन ईश्वर शरण वैष्णव कर रहे थे। सत्याग्रह में प्रमुख रूप से कबीरधाम जिला कांग्रेस अध्यक्ष नीलकंठ चंद्रवंशी, छत्तीसगढ़ राज्य क्रेडा के सदस्य कन्हैया अग्रवाल, छत्तीसगढ़ राज्य योग आयोग के सदस्य गणेशनाथ योगी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मोहित माहेश्वरी, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती गंगोत्री योगी, शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती रानू दुबे, युवक कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आकाश केशरवानी, एनएसयुआई जिला अध्यक्ष शितेष चंद्रवंशी, पूर्व जिला अध्यक्ष विकास केसरी, जिला पंचायत सदस्यगण तुकाराम चंद्रवंशी व रामुकुमार पटेल, कवर्धा नगर पालिका अध्यक्ष ऋषि शर्मा, नगर उपाध्यक्ष जमील खान, बोड़ला नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सावित्री साहू, पिपरिया नगर पंचायत अध्यक्ष महेंद्र कुम्भकार, मनरेगा के सदस्य कलीम खान, मुकुंद माधव कश्यप, जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राधेलाल भास्कर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सीमा अनंत, अगमदास अनंत, नगर पालिका कवर्धा के पार्षदगण अशोक सिंह, चुनवा खान, प्रमोद लुनिया, नरेन्द्र देवांगन, भीखम कोसले, सुनील साहू, एल्डरमेन कौशल कौशिक, देवराज पाली व दलजीत पाहुजा, वरिष्ठ कांग्रेसी निर्मल जैन, लाल बहादुर चंद्रवंशी, राजकुमार तिवारी, ओम मिश्रा, नदीम अंसारी, विरेन्द्र जांगड़े, प्रशांत परिहार, मनोहरलाल, गोवर्धन यादव, अरशद, अजहर खान, टेकसिंग चंद्रवंशी, वाल्मिकी वर्मा, लेखा राजपुत आदि शामिल हुए।

error: Content is protected !!