22 फरवरी को छत्तीसगढ़ आएंगे अमित शाह, लेंगे भाजपा नेताओं की बैठक…

जगदलपुर। भाजपा ने लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए अभी से पूरी ताकत झोंक दी है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 22 फरवरी को बस्तर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत कोंडागांव में पार्टी द्वारा गठित कलस्टर क्षेत्र में शामिल तीन लोकसभा क्षेत्रों के वरिष्ठ पदाधिकारियों, प्रभारी, सहप्रभारी की बैठक लेकर चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। बैठक में चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने मार्गदर्शन भी करेंगे।

बता दें कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए प्रदेश की 11 लोकसभा सीटों को चार कलस्टर में विभाजित किया गया है। बस्तर, महासमुंद और कांकेर एक कलस्टर में शामिल हैं। कोंडागांव की बैठक में इन तीनों लोकसभा क्षेत्रों के पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे। बस्तर लोकसभा क्षेत्र में 1998 से लेकर 2019 तक 20 वर्ष भाजपा का कब्जा रहा था। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा को यहां से कांग्रेस से लगभग 38 हजार वोटों से पराजित होना पड़ा था। प्रदेश के 11 में से नौ सीटों पर भाजपा और दो सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है।

error: Content is protected !!