इंदौर जू से एक और खुशखबरी… अफ्रीकन जेब्रा के बाद अब मीरकैट के घर भी आए नन्हे मेहमान

इंदौर। जिन्हें वन्य प्राणियों से लगाव है उनके लिए खुशखबरी है। खुशखबरी यह कि अब शहर के कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में और भी नए मेहमानों का आगमन हो चुका है। विदेश से लाए गए वन्य प्राणियों को इंदौर की आब-ओ-हवा और चिड़ियाघर में की जा रही देखरेख खूब रास आ रही है।

इसी का परिणाम है कि वे यहां अपना कुनबा बढ़ा पा रहे हैं। बीते दिनों यहां अफ्रीकन जेब्रा ने एक बच्चे को जन्म दिया और अब शुक्रवार को साउथ अफ्रीकन मीरकैट ने दो बच्चों को जन्म दिया। खास बात तो यह है कि साउथ अफ्रीकन मीरकैट को एक वर्ष पहले ही इंदौर लाया गया था।

एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत शहर लाए जाने वाले वन्य प्राणियों की संख्या में खासा इजाफा होते जा रहा है। इससे चिड़ियाघर आने वालों की संख्या में भी बढ़त हो रही है। शहर के चिड़ियाघर में अब मीरकैट की संख्या चार से बढ़कर छह हो गई है।

naidunia_image

चिड़ियाघर प्रभारी डॉ. उत्तम यादव ने बताया कि शहर का चिड़ियाघर अब केवल वन्य प्राणियों को रखने तक का ही केंद्र नहीं रहा, बल्कि यह वन्य प्राणियों का ब्रीडिंग सेंटर भी बन गया है।

अभी डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे

डॉ. यादव बताते हैं कि करीब एक वर्ष पहले जामनगर से एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम के 
तहत साउथ अफ्रीकन मीरकैट के दो जोड़े लेकर आए थे। शुक्रवार को मादा मीरकैट ने 
दो बच्चों को जन्म दिया है। दोनों ही बच्चे स्वस्थ हैं। फिलहाल बच्चों को दर्शकों से दूर रखा 
गया है। डॉक्टरों द्वारा विशेष ध्यान दिया जा 
रहा है। अब चिड़ियाघर में मीरकैट की संख्या छह हो गई है।

छोटे से प्राणी की बड़ी-बड़ी आंखें समूह में रहना करता है पसंद

मीरकैट दक्षिण अफ्रीका में पाया जाने वाला एक छोटा नेवला है। इसकी विशेषता इसकी बनावट है। मखमली फर वाला यह छोटा सा प्राणी अपनी शारीरिक संरचना के लिए हमेशा से ही आकर्षण का केंद्र रहा है। इसका सिर चौड़ा होता है और इसकी आंखें बड़ी-बड़ी होती है।

दिलचस्प बात तो यह है कि इसका शरीर छोटा होता है जिससे आंखें बड़ी होती है। नुकीली थूथन, लंबी टांगें, पतली पूंछ और चितकबरे कोट का पैटर्न इनकी पहचान है। बात अगर इसके कद की करें, तो इसके शरीर की लंबाई करीब 9.4 से 13.8 इंच तक होती है। इनका वजन एक किलो तक होता है। कोट हल्के भूरे से पीले-भूरे रंग का होता है। इस मीरकैट को समूह में रहना ही पसंद है।

error: Content is protected !!