दिल का दौरा पड़ने से अरविंद गिरी का निधन, बीजेपी को बड़ा झटका

 

लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के जिले लखीमपुर खीरी से एक दुखद खबर सामने आई है। शहर के गोला विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के विधायक अरविंद गिरी का आकस्मिक निधन हो गया। ऐसा बताया जा रहा है कि बीजेपी विधायक अरविंद गिरी मंगलवार को मीटिंग के लिए लखनऊ जा रहे थे। इसी दौरान चलती गाड़ी में उन्हें हार्ट अटैक आया और उनकी मौत हो गई। लखनऊ के हिन्द अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसकी खबर फैलने के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। 65 वर्षीय अरविंद गिरी गोला विधानसभा सीट से लगातार पांचवीं बार विधायक थे। उनके निधन के बाद गोला में भी लोगों का जुटान शुरू हो गया है।

एक दिन पहले की विकास योजनाओं की थी समीक्षा

अरविंद गिरी एक दिन पहले सोमवार को अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास योजनाओं की समीक्षा करने के साथ बैठक को संबोधित कर रहे थे। मंगलवार को उनके निधन की सूचना आने के बाद से कार्यकर्ताओं समेत परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। भारतीय जनता पार्टी को लोकसभा चुनाव से पहले उनका निधन बड़ा झटका माना जा रहा है। अरविंद गिरी गोला में खास लोकप्रिय थे। इतने सालों में उन्होंने अपने क्षेत्र में एक अलग ही पहचान बना रखी थी और लोगों का अरविंद से बहुत जुड़ाव भी था। जनता के साथ-साथ वो भारतीय जनता पार्टी के चेहरा माने जाते थे।

सीएम योगी ने विधायक की मौत में व्यक्त किया शोक

छोटा काशी कहे जाने वाले जिले के गोला गोकरणनाथ विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक अरविंद गिरि के निधन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने गिरी की दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उनके निधन की सूचना आते ही राजनीतिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है और नेताओं का उनके घर में जाना शुरू हो गया है। हार्ट अटैक आने से उनकी मौत होने के बाद पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसरा गया है।

error: Content is protected !!